
नई दिल्ली। ईवीएम के मुद्दे पर विपक्षी दलों की शुक्रवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एक मीटिंग हुई। इस मीटिंग की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने की। मीटिंग में EVM की विश्वसनीयता पर एक बार फिर चर्चा हुई।
ईवीएम को लेकर लोगों के मन में शंका है- राहुल गांधी
इस मीटिंग के बाद राहुल गांधी ने कहा कि अभी भी ईवीएम को लेकर लोगों के मन में शंका है। राहुल ने कहा कि विपक्षी पार्टियां सरकार को कुछ बैकअप सिस्टम के बारे में बताना चाहती हैं। राहुल ने बताया कि पूरा मकसद चुनाव की प्रक्रिया में लोगों का भरोसा बढ़ाना है।
- राहुल गांधी ने कहा कि सोमवार को शाम 5.30 बजे विपक्षी दलों के नेता EVM के मुद्दे पर चुनाव आयोग के नेताओं से मिलेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक विपक्षी पार्टियां चाहती हैं कि लोकसभा चुनावों में 50 फीसदी वीवीपैट्स मशीनों का इस्तेमाल हो।
- राहुल गांधी ने बताया कि सभी पार्टियां तीन मुद्दों पर बात करने के लिए राजी हुई हैं। ये मुद्दे हैं नौकरी, खेती और संवैधानिक संस्थाओं पर सरकार द्वारा लगातार हो रहे हमले।
अगले कुछ महीनों में मोदी सरकार पर होगी सर्जिकल स्ट्राइक
राहुल गांधी ने अंतरिम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगले कुछ महीनों में नरेंद्र मोदी सरकार पर सर्जिकल स्ट्राइक होने वाली है। बता दें कि सत्ता पक्ष के कई नेताओं ने बजट को विपक्ष पर सर्जिकल स्ट्राइक बताया था।
बैठक में ये नेता हुए शामिल
ईवीएम के मुद्दे पर हुई इस मीटिंग में कांग्रेस के अलावा एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडु, टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रॉयन, समाजवादी पार्टी नेता रामगोपाल यादव, सीपीएम के मो सलीम और आम आदमी पार्टी से संजय सिंह शामिल थे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला, बीएसपी नेता सतीश चंद्र मिश्रा, आरजेडी के मनोज झा, डीएमके की कनिमोई, आरएलडी के जयंत चौधरी, सीपीआई के डी राजा और शरद यादव भी शामिल थे।