
राहुल गांधी के बिहार दौरे पर रविशंकर प्रसाद का बयान (Photo-IANS)
BJP attacks Congress over Emergency: आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। इमरजेंसी को लेकर बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है और कांग्रेस और तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इंदिरा गांधी की कुर्सी बचाने के लिए आपातकाल लगाया था। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इमरजेंसी के समय वे जेपी आंदोलन में सक्रिय थे और जेल भी गए थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज कई लोग लोकतंत्र और संविधान बचाने की बात करते हैं, लेकिन देश को यह याद रखना चाहिए कि 50 साल पहले लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ क्या हुआ था?
इस दौरान उन्होंने जेपी आंदोलन का भी जिक्र किया। बीजेपी नेता ने कहा कि वे जेपी आंदोलन के दौरान सक्रिय रहे थे और इमरजेंसी के दौरान मीसा के तहत जेल भी गए थे।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी का रायबरेली से चुनाव निरस्त कर दिया था। इसके बाद गांधी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन उन्हें पूरी तरह राहत नहीं मिली। जज ने उन्हें संसद में उपस्थित रहने की अनुमति तो दी, लेकिन बोलने की इजाजत नहीं दी थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी की कुर्सी बचाने के लिए आपातकाल का दुरुपयोग किया गया। विपक्ष के विरोध प्रदर्शन या देश को अस्थिर करने के दावे पूरी तरह निराधार थे। आपातकाल केवल इंदिरा गांधी के पद को बचाने के लिए लगाया गया था।
बीजेपी नेता ने कहा कि इमरजेंसी के दौरान विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा लोकतंत्र के सभी स्तंभों को कुचल दिया गया था। उन्होंने कहा कि आपातकाल लागू करते समय तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया और लोकतांत्रिक मूल्यों को गंभीर चोट पहुंचाई।
वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इसे संविधान हत्या दिवस बताया है। उन्होंने लिखा कि संविधान हत्या दिवस आज हमें उस काले दौर की याद दिला रहा है, जब भारतीय लोकतंत्र को बुरी तरह से कुचला गया था।
Updated on:
25 Jun 2026 01:38 pm
Published on:
25 Jun 2026 01:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
