
नई दिल्ली। पाकिस्तान में अदालती मामलों का सामना कर रहे पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ एक के बाद एक मुसीबत में फंसते जा रहे हैं। पहले तो अदालत ने उन्हें सशर्त चुनाव लड़ने की अनुमति दी थी, लेकिन 14 जून को उनके चुनाव पर रोक लगा दी गई। उसके बाद से उनके ऊपर अखिल पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एपीएमएल) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का दबाव बढ़ गया था। आज उन्होंने एपीएमएल के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। आपको बता दें तक कई मामलों कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए पूर्व पाकिस्तान से बाहर हैं। हालांकि मेडिकल ग्राउंड के आधार पर वो देश से बाहर अपना इलाज करा रहे हैं।
चित्राल संसदीय सीट से भरा था नामांकन
पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने 14 जून को देश के पूर्व सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ के 25 जुलाई को होने वाले आम चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी। इससे पहले शीर्ष अदालत ने उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति दी थी। लेकिन 14 जून को चेतावनी के बाद भी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान पेश नहीं होने पर पूर्व सैन्य शासक को चुनाव लड़ने के लिए दी गई सशर्त अनुमति पर कोर्ट ने रोक लगा दी। इससे एक सप्ताह पहले अदालत ने उन्हें 25 जुलाई को प्रस्तावित आम चुनाव सशर्त लड़ने की अनुमति दी थी। इसके बाद उन्होंने उत्तरी चित्राल संसदीय क्षेत्र से अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया था। लेकिन चीफ जस्टिस साकिब निसार ने 13 जून को पूर्व सेना प्रमुख को अदालत में पेश नहीं होने के लिए फटकार लगाई थी। अदालत ने उन्हें गुरुवार को अपराह्न दो बजे तक पेश होने का आदेश दिया था। पेश नहीं होने पर उन्हें चुनाव के लिए अयोग्य करार दिया। सुनवाई के दौरान मुशर्रफ के वकील कमर अफजल ने अदालत को बताया कि उनका लौटना निर्धारित था। लेकिन उनके लिए तुरंत आना संभव नहीं हो सका। अफजल ने कहा कि मैंने मुशर्रफ से बात की है। वह और समय चाहते हैं। वह पाकिस्तान आने की योजना बना रहे हैं। लेकिन ईद की छुट्टियों और बीमारी के कारण वह तुरंत यात्रा नहीं कर सकते। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने अनिश्चितकाल के लिए सुनवाई स्थगित करते हुए कहा कि अगली सुनवाई तभी होगी जब याचिकाकर्ता इसके लिए तैयार होंगे। साथ ही उन्होंने मुशर्रफ को चुनाव लड़ने के लिए दी गई सशर्त अनुमति वापस लेने के भी आदेश दे दिए।
मुशर्रफ का समर्थन करने भारत में घिरे सोज
आपको बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैफुद्दीन सोज द्वारा पाक के पूर्व तानाशाह के कश्मीर वाले बयान का समर्थन करने की वजह से देश भर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सोज ने दस वर्ष पूर्व मुशर्रफ के बयान का हवाला देते हुए कहा कि दस वर्ष पूर्व परवेज मुशर्रफ ने कहा था कि कश्मीर के लोग न तो पाकिस्तान में और न ही भारत में विलय के समर्थक हैं। कश्मीरी जनता दोनों से आजादी चाहती है। सोज ने कहा कि उनका बयान आज भी पूरी तरह से सच है और प्रासंगिक है। हालांकि उनके इस बयान की भारतीय जनता पार्टी और शिव सेना ने घोर निंदा की है।