
अगरतला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने एक दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे के तीसरे चरण में त्रिपुरा के अगरतला पहुंचे और एक रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस दौरान जमकर अपने विपक्षियों पर गरजे और कई आरोप लगाए। मोदी ने अपने सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि हमने 11 महीने पहले कहा था और अब त्रिपुरा में 20 हजार से ज्यादा घर और 1.25 लाख शौचालय का निर्माण हमारी सरकार ने करवाया है। साथ ही 2 लाख से ज्यादा गैस कनेक्शन दिए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की कई ऐसी योजनाएं चल रही है जो गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में कारगर सिद्ध हो रहा है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि ऑटोनोमस काउंसिल की मांगो को हमारी सरकार ने आगे बढ़ाया है और उसे पूरा करने का काम किया है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि सरकार ने न केवल कानूनों में सुधार किया है बल्कि काउंसिल को स्वतंत्र बनाने के साथ-साथ अधिकारियों की संख्या को बढ़ाने का भी काम किया है। पीएम मोदी ने त्रिपुरा और केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि हमने त्रिपुरा के विकास के लिए कोई कसन नहीं छोड़ी है। साढ़े चार वर्ष से त्रिपुरा के लिए पर्याप्त फंड जारी किया गया है लेकिन पहले की सरकार के रवैये के चलते यहां काम नहीं हो पाया। अब भाजपा की वर्तमान सरकार त्रिपुरा के विकास को गति देने में लगी हुई है।
लोगों को दी कई सौगातें
बता दें कि पीएम मोदी ने त्रिपुरा के लोगों को कई सौगातें दी। प्रधानमंत्री मोदी ने अगरतला के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में गार्जी बेलोनिया रेल मार्ग को राष्ट्र को समर्पित किया। यह रेल मार्ग त्रिपुरा को दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया का प्रवेश द्वार बनाएगा। प्रधानमंत्री नर्सिगगढ़ में त्रिपुरा प्रौद्योगिकी संस्थान के नए परिसर का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा अगरतला में महाराजा वीर बिक्रम हवाई अड्डे पर महाराजा वीर बिक्रम किशोर मणिक्य बहादुर की मूर्ति का अनावरण किया। महाराजा वीर बिक्रम किशोर मणिक्य बहादुर आधुनिक त्रिपुरा के निर्माता माने जाते हैं। अगरतला शहर के निर्माण का श्रेय महाराजा वीर बिक्रम को जाता है। इस दौरान मुख्यमंत्री बिपलब देब के साथ कई अन्य नेता व मंत्री मौजूद थे।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.