
नई दिल्ली: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के ब्लॉग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। पीएम मोदी ने आडवाणी के ब्लॉग पर ट्वीट कर लिखा है कि आडवाणी जी ने सही अर्थों में भाजपा का मतलब बताया है। आडवाणी जी ने जो बताया है वहीं पार्टी का सिद्धांत है। पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी का मूलमंत्र देश पहले, पार्टी बाद में फिर मैं है। उन्होंने कहा कि आडवाणी ने जैसे पार्टी को मजबूत किया उसपर गर्व है- पीएम मोदी ने बताया कि बीजेपी कार्यकर्ता होने का मुझे गर्व है। बता दें कि भाजपा नेता आडवाणी ने थोड़ी देर पहले ब्लॉग लिखकर पार्टी के सिद्धांतों के बारे में बताया।
आडवाणी ने ब्लॉग लिखकर उठाए सवाल
दरअसल आडवाणी ने यह ब्लॉग ऐसे समय में लिखा है, जब दो दिन बाद यानी छह अप्रैल को भाजपा अपना स्थापना दिवस मनाएगी। इस ब्लॉग के जरिए जहां आडवाणी ने अपने राजनीतिक सफर के लिए भारतीय जनता पार्टी का आभार व्यक्त किया है। वहीं, टिकट न मिलने की टीस भी इस ब्लॉग में छलकी है। आडवाणी ने ब्लॉग ने लिखा, भाजपा में हम सभी के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है कि हम पीछे देखें, आगे देखें और भीतर देखें।
आडवाणी ने गांधीनगर की जनता का जताया अभार
भाजपा के संस्थापकों में से एक के रूप में मैंने भारत के लोगों के साथ अपने अनुभवों को साझा करना अपना कर्तव्य समझा है। खासतौर पर मेरी पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के साथ। दोनों ने मुझे बहुत स्नेह और सम्मान दिया है। लालकृष्ण आडवाणी ने लगभग पांच साल बाद लिखे ब्लॉग में कई अहम मुद्दों का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा, 'भारतीय राष्ट्रवाद की अवधारणा में जो लोग राजनीतिक रूप से हमसे सहमति नहीं रखते, हमने उन्हें कभी देश-विरोधी करार नहीं दिया।