देश नई रीति और नई नीति से चलेगा देश की सेना पर हमें गर्व है हम सब पराक्रमी देश के नागरिक हैं हमें चट्टान बनकर खड़ा रहना होगा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश के 15 हजार स्थानों पर जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्टी से सहानुभूति रखने वाले एक करोड़ से ज्यादा लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम लोग एक साथ देश में रहेंगे, एक साथ जीएंगे, एक साथ आगे बढ़ेंगे और एक साथ मिलकर हर जंग को जीतेंगे। बता दें कि उन्होंने नमो ऐप के जरिए एक करोड़ से ज्यादा लोगों को लोकसभा चुनाव से ठीक पहले संबोधित किया है।
हमारी एकजुटता पर है दुनिया की नजर
उन्होंने कहा कि इस समय देश की भावनाएं हिलोरें ले रही हैं। देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के पार भी अपना पराक्रम दिखा रहा है। पूरा देश एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है। दुनिया हमारी एकता की शक्ति को नजर गड़ाए देख रही है।
देश को अस्थिर करने की साजिश
पीएम मोदी ने कहा कि दुश्मन हमें अस्थिर करने की कोशिश करने में लगा है। वह आतंकी हमला वर्षो से करा रहा है। आगे भी कराने की तैयारी में जुटा है। वे लोग देश के विकास और संपन्नता को रोकना चाहते हैं। इसलिए हम सभी को अपने बुरे दिनों का मुकाबला करने के लिए चट्टान की तरह खड़ा रहना होगा।
सेना की ताकत पर भरोसा
हमें अपनी सेना की ताकत पर पूरा भरोसा है। इसलिए बहुत आवश्यक है कि कुछ भी ऐसा न हो जिससे उनके मनोबल पर आंच आए। ये हमारे दुश्मनों को हमारे पर अंगुली उठाने का मौका मिल जाए। मुझे अपनी सेना पर गर्व है
नामुमकिन अब मुमकिन है
हम सभी मिलकर एक साथ मेहनत करना होगा। देश की जनता उन सभी जवानों का आभारी है जो राष्ट्र की रक्षा कर रहे हैं। ऐसा इसलिए कि वे वहां हैं जहां राष्ट्र विकास के नए स्तरों तक पहुंच सकता है। आज युवाओं के मन में कुछ करने की चाह ही हमारी मजबूती है। हम लोग मिलकर नामुमकिन को मुमकिन बना सकते हैं। हम सब पराक्रमी देश के नागरिक हैं। हमे विकास के नए कीर्तिमान बनाने होंगे। हमारा देश नई रीति, नई नीति के साथ आगे बढ़ेगा