
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी आज जम्मू और कश्मीर के लेह जाएंगे और वहां लद्दाख यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखेंगे। उसके बाद पीएम जम्मू एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर वहां से हेलिकॉप्टर में सवार होकर सांबा जाएंगे। वहां पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की आधारशिला रखेंगे। वो कई विकास परियोजनाओं को उद्घाटन भी करेंगे। सांबा में जम्मू-पठानकोट राजमार्ग के पास विजयपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी के साथ 5 केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। दूसरी तरफ हुर्रियत ने पीएम मोदी की रैली के खिलाफ बंद और मार्च निकालने का आह्वान किया है।
245 एकड़ में बनेगा एम्स
सांबा में रैली से पहले पीएम मोदी एम्स की आधारशिला रखेंगे और जम्मू में 35 हजार करोड़ रुपए के विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वो कश्मीर घाटी में 9 हजार करोड़ रुपए की परियोजना की भी आधारशिला रखेंगे। सांबा में बनने वाले एम्स को साल 2015 में मंजूरी मिली थी, लेकिन इसके लिए चिह्नित 245 एकड़ जमीन के एक भूभाग से करीब 280 घुमंतु परिवारों के पुनर्वास की वजह से देरी हुई है।
औरंगजेब के पिता भाजपा में होंगे शामिल
सांबा में पीएम मोदी की रैली के दौरान सेना के शहीद जवान औरंगजेब के पिता मोहम्मद हनीफ उनसे मुलाकात करेंगे और औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करेंगे। इस बीच मोहम्मद हनीफ रैली को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी डेल झील के किनारे एसकेआईसीसी ऑडिटोरियम में नवनिर्वाचित सरपंचों को भी संबोधित करेंगे। पीएम की रैली के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चार स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। हुर्रियत नेता हिलाल वार को घर में नजरबंद किया गया है। जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक एमके सिन्हा ने बताया है कि पीएम मोदी की रैली के लिए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रादेशिक सेना के अधिकारियों के अलावा 15 राजपत्रित अधिकारियों के साथ सुरक्षा बलों की 62 कंपनियां तैनात की गई हैं।