
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव करीब आते ही देश का सियासी पारा चढ़ गया है। इसी क्रम में पीएम नरेंद्र मोदी मंगलवार को बिहार में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार पीएम मोदी जमुई और गया में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में रैली कर वोट मांगेंगे। इसके साथ ही राज्य के मुख्यमंत्री व जेडीयू नेता नीतीश कुमार भी आज से ही अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। वहीं, लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद पीएम मोदी दूसरी बार बिहार आ रहे हैं।
पहली जनसभा जमुई में
पीएम मोदी की पहली जनसभा जमुई में रखी गई है। मोदी यहां खैरा प्रखंड के केन्डीह बल्लोपुर पंचायत के नरियाना पुल के पास जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा का समय दोपहर 2 बजे रखा गया है। पीएम मोदी यहां एनडीए के घटक दल लोजपा उम्मीदवार चिराग पासवान के लिए वोट मांगेंगे। इस दौरान भाजपा व लोजपा समेत एनडीए के बड़े नेताओं के मौजूद रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
दूसरी जनसभा गया में संबोधित करेंगे
इसके साथ ही प्रधानमंत्री दूसरी जनसभा गया में संबोधित करेंगे। पीएम मोदी यहां गांधी मैदान में शाम 4 बजे जेडीयू उम्मीदवार विजय मांझी के पक्ष में जनसभा करेंगे। इस जनसभा में राज्य के सीएम नीतीश कुमार, मोदी सरकार में मंत्री राम विलास पासवान, बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।