
अमित शाह और बीजेपी पर बरसी शिवसेना यूबीटी (Photo: IANS/File)
Shiv Sena UBT Saamana Editorial: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा में कथित चोरी को लेकर शिवसेना (उद्धव ठाकरे) ने भाजपा (BJP) पर तीखा हमला बोला है। साथ ही आरोपियों और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया। पार्टी ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में आरोप लगाया कि राम मंदिर में हुई कथित लूट कानून-व्यवस्था की पूरी तरह विफलता को दर्शाती है।
शिवसेना (यूबीटी) ने दावा किया कि जिस राम मंदिर के लिए कारसेवकों ने बलिदान दिया, उसी मंदिर को भाजपा ने लूट लिया। पार्टी ने इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लिया।
सामना के संपादकीय में कहा गया है कि देश ने अब देख लिया है कि मंदिर विकास का असली मतलब क्या है। संपादकीय के अनुसार राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान, सोना, चांदी और आभूषणों की कथित तौर पर लूट की गई।
संपादकीय में कहा गया, "राम मंदिर के लिए कारसेवकों ने खून बहाया और सर्वोच्च बलिदान दिया, लेकिन उसी मंदिर को भाजपा ने लूट लिया। जिस तरह महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था, उसी तरह भाजपा ने राम मंदिर को लूटा है।"
शिवसेना (यूबीटी) ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के दानपात्र में कथित चोरी कानून-व्यवस्था के पूरी तरह चरमराने का उदाहरण है। पार्टी ने कहा कि जब सरकार राम मंदिर की सुरक्षा नहीं कर सकती तो उसे अन्य मंदिरों के विकास की बात करने का कोई अधिकार नहीं है।
शिवसेना (यूबीटी) ने अपने संपादकीय में अमित शाह पर भी सीधा हमला बोला। पार्टी ने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में देश के कई प्रमुख मंदिरों में कथित लूट की घटनाएं हुई हैं और इन मामलों के पीछे भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका दिखाई देती है।
संपादकीय में कहा गया कि अमित शाह अक्सर उद्धव ठाकरे पर कांग्रेस के साथ होने का आरोप लगाते हैं, लेकिन भाजपा को पहले राम मंदिर से जुड़े आरोपों का जवाब देना चाहिए।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और विपक्षी दलों पर बेवजह आरोप लगा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में कोल्हापुर में आयोजित एक जनसभा में अमित शाह ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को ‘असली शिवसेना’ बताया था। इसके बाद से शिवसेना (यूबीटी) लगातार भाजपा और अमित शाह पर हमलावर है। राम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर भी पार्टी ने भाजपा नीत केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की है।
हालांकि, भाजपा की ओर से अभी तक सामना में लगाए गए इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Updated on:
22 Jun 2026 10:35 am
Published on:
22 Jun 2026 10:30 am
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
