12 दिसंबर को गुजरात में होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो
अहमदाबाद:गुजरात विधानसभा चुनाव का पहला चरण खत्म हो चुका है अब कांग्रेस और बीजेपी दूसरे चरण के चुनाव के लिए तैयारियां कर रही हैं। जहां एक तरफ कांग्रेस की तरफ से उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रचार का जिम्मा संभाला हुआ है तो वहीं बीजेपी के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैंपेन में पूरी ताकत झोंक चुके हैं। पहले चरण के दौरान भी पीएम मोदी एक दिन में 4-4 रैलियां कर रहे थे और अब दूसरे चरण के लिए भी पीएम मोदी धड़ाधड़ रैलियां कर रहे हैं।
12 दिसंबर को अहमदाबाद में होगा मोदी का रोड शो
इस बीच खबर आई है कि दूसरे चरण के चुनाव से 2 दिन पहले यानि कि 12 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अहमदाबाद में मेगा रोड शो होगा। आपको बता दें कि 12 दिसंबर को ही दूसरे चरण के लिए राज्य में प्रचार थम जाएगा। ऐसे में पीएम मोदी का मेगा रोड शो बीजेपी के लिए प्रचार का अहम हिस्सा और मास्टरस्ट्रोक होगा। क्योंकि यूपी चुनाव में भी पीएम मोदी ने वाराणसी में दो रोड शो किए थे, जिसे बीजेपी की ऐतिहासिक जीत में सबसे अहम माना जाता है।
हालांकि अभी पीएम मोदी के इस रोड शो का रूट फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन बीजेपी इस रोड शो के जरिए जनता का भारी से भरी समर्थन हासिल करना चाहेगी।