
नई दिल्ली। मिशन साउथ के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को केरल में हैं।वायनाड से नामांकन दाखिल करने के बाद राहुल गांधी ने बहन प्रियंका के साथ यहां रोड शो किया। कांग्रेस अध्यक्ष के रोड शो में बहन प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस के दिग्गज नेता मौजूद रहे। वायनाड सीट से चुनाव लड़ने की बात पर राहुल गांधी ने कहा वह यहां संदेश देने आएं है कि देश एक है। रोड शो के बाद राहुल गांधी मीडिया से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि देश पर सांस्कृतिक हमला हो रहा है। इस दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, के. कुनहलिकुट्टी और एम. रामचंद्रन समेत बड़े दिग्गज मौजूद रहे।
वहीं, राहुल के रोड शो के दौरान अचानक अफरातफरी मच गई। इस अफरातफरी में कई पत्रकार घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह घटना वहां बैरिकेड टूटने से हुई। राहुल गांधी ने रोड शो के दौरान घायल पत्रकारों को एंबुलेंस तक पहुंचाया।
आपको बता दें कि राहुल गांधी का मुकाबला यहां एनडीए उम्मीदवार तुषार वेल्लापल्ली से है। तुषार बुधवार को ही अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने के बाद राहुल गांधी 2 किलोमीटर का रोड शो करेंगे। सुरक्षा कारणों के चलते राहुल गांधी के रोड शो के लिए प्रशासन ने पहले इजाजत नहीं दी थी। लेकिन बाद में रोड शो को ग्रीन सिग्नल मिल गया। आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस बार 2 लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश की अमेठी उनकी पारंपरिक सीट है, लेकिन उन्होंने इस बार केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
तुषार वेल्लापल्ली केरल में भाजपा की सहयोगी भारत धर्म जन सेना (बीडीजेएस) के प्रमुख हैं। नामांकन से पहले वेल्लापल्ली ने कहा था कि अगर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को केरल के वायनाड से लोकसभा चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को वेल्लापल्ली की उम्मीदवारी की घोषणा की थी, जिन्हें गांधी के खिलाफ खड़ा करने के लिए त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र से स्थानांतरित किया गया था। वायनाड मेें 23 अप्रैल को मतदान होना है।