राजनीति

दलित सम्मानः राहुल ने पीएम मोदी को निशाने पर लिया, कहा- ‘वो दमनकारी विचारों वाले हैं’

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक 'दमनकारी विचारधारा' से आते हैं, जो कभी दलितों या बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का सम्मान नहीं कर सकती।
2 min read
• •
Updated: 6 Apr 2018, 8:45 PM IST
Rahul Gandhi

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक 'दमनकारी विचारधारा' से आते हैं, जो कभी दलितों या बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का सम्मान नहीं कर सकती। आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के चलते दोनों पार्टियों में दलितों का समर्थन जुटाने की होड़ चल रही है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट की तरफ से अनुसूचित जाति-जनजाति कानून में सुधार को लेकर देशभर में जमकर हिंसा हुई थी। भारत बंद के दौरान करीब एक दर्जन लोगों की मौत भी हुई थी।

तस्वीरों के साथ किए ट्वीट में यह लिखा
राहुल ने अंबेडकर प्रतिमा को तोड़े जाने की तस्वीरें संलग्न की और साथ में कटाक्ष करते हुए लिखा कि बीजेपी-आरएसएस की विचारधारा से बाबासाहेब के सम्मान के कुछ उदाहरण। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा, 'मोदीजी, आप जिस दमनकारी विचारधारा से आते हैं, वह कभी दलितों या बाबासाहेब का सम्मान नहीं कर सकती।' उन्होंने मोदी के ट्वीट को भी संलग्न किया, जिसमें मोदी ने कहा था, 'हमारी सरकार ने बाबासाहेब को जितना सम्मान दिया है, उतना किसी भी दूसरी सरकार ने नहीं दिया।'

दलितों में नाराजगी के बाद आया था पीएम का ट्वीट
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर देशभर में दलितों की नाराजगी के बीच मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर बीआर अंबेडकर के नाम पर राजनीति करने को लेकर हमला बोला था। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने अंबेडकर को उनकी सही जगह दी है और उनकी स्मृति में परियोजनाओं को पूरा किया है। इन परियोजनाओं की पूर्ववर्ती सरकार ने उपेक्षा की थी। अपने भाषण में उन्होंने कहा था कि अंबेडकर को सियासी लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने अटल सरकार में प्रस्तावित अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र का भी जिक्र किया और कहा कि इसे मोदी सरकार ने ही अंजाम तक पहुंचाया। यूपीए की सरकारों के दौरान इस पर कोई काम नहीं हुआ।

Published on: