राहुल गांधी ने सोमवार को ट्वीट किया है कि दिल्ली के सियासी ड्रामा के बीच देश के प्रधानमंत्री मौन धारण किए हैं।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी और भाजपा पर हमला बोला है। दिल्ली में आप सरकार और उपराज्यपाल के बीच चल रही तनातनी और एलजी आवास पर धरने पर बैठे सीएम अरविंद केजरीवाल पर लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तंज कसा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा है कि दिल्ली में बहुत बड़ा सियासी ड्रामा चल रहा है। मुख्यमंत्री एलजी आॅफिस पर धरना दिया बैठे हैं। भाजपा मुख्यमंत्री आवास पर धरना दे रही है और दिल्ली के नौकराशाह मीडिया को संबोधित कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने सोमवार को ट्वीट किया है कि दिल्ली के सियासी ड्रामा के बीच देश के प्रधानमंत्री मौन धारण किए हैं। ऐसे में दिल्ली की जनता अपने आप को पीड़ित महसूस कर रही है। वहीं कांग्रेस ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार और दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को आईएएस अधिकारियों और दिल्ली सरकार के बीच अनबन के लिए जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी.सी. चाको ने यहां मीडिया से कहा कि अगर दिल्ली सरकार और नौकरशाही के बीच रिश्ते संतोषजनक नहीं हैं तो हमें लगता है कि इसके लिए न केवल केंद्र सरकार, बल्कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल भी बराबर के जिम्मेदार हैं।
फरवरी में मुख्यमंत्री आवास पर केजरीवाल की मौजूदगी में आप के दो विधायकों द्वारा मुख्य सचिव अंशू प्रकाश के साथ कथित मारपीट के बाद आईएएस अधिकारियों और आप सरकार के बीच अनबन चल रही है।इसके बाद दिल्ली के आईएएस अधिकारी मंत्रियों और मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई जा रही नियमित बैठकों में शामिल नहीं हो रहे हैं। केजरीवाल ने रविवार को अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का वादा किया था और मंत्रियों की बैठक में उपस्थित होने और काम पर लौटने का आग्रह किया था।