
देहरादून। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते कहा कि बीजेपी अयोध्या में राम जन्मभूमि पर राम मंदिर का निर्माण करने का प्रयास कर रही है,लेकिन कांग्रेस इसमें लगातार अड़चनें पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि रामलला के मंदिर का निर्माण जल्द होगा और राम जन्मभूमि पर ही होगा।
शाह देवभूमि में आयोजित त्रिशक्ति सम्मेलन में शनिवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कांग्रेस व अन्य पार्टियों को वंशवाद की राजनीति पर आडे हाथों लेते हए कहा कि एक छोटा सा कार्यकर्ता पार्टी के साथ काम करता है तो पार्टी (भाजपा) उसको क्या मौका दे सकती है, इसका कोई उदाहरण ढूंढना है तो दूर जाने की जरूरत नहीं है। मैं आपके सामने खड़ा हूं मित्रों। मैं कभी बूथ अध्यक्ष था। आज मुझे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का अध्यक्ष बनने का सम्मान मिला।
देश भर की पार्टियों में पार्टी के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी परंपरागत परिवारों से ही आते हैं। पिता के बाद बेटा फिर बेटा के बेटा, बेटा नहीं तो बहू।
संबोधन के दौरान शाह ने कहा उत्तराखंड मोदी जी का सबसे प्रिय प्रदेश है। यहां की चारधाम यात्रा विश्वविख्यात है। देवभूमि में लाखों की संख्या में श्रद्घालु दर्शन के लिए आते हैं। यहां तीर्थयात्रियों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना केदारनाथ जाने में करना पड़ता था। भाजपा ने केदारनाथ का कायाकल्प हर मुश्किल परिस्थिति में किया है। साल भर में केदार बाबा के दर्शन को आइए बिलकुल बदला हुआ केदारनाथ दिखेगा। मोदी सरकार ने ऑलवेदर रोड बनाने के काम की शुरुआत की, जिसका काम जारी है। साथ ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य एक तबके के लिए काम करने की कोशिश की है। त्रिवेंद्र जी ने भ्रष्टाचार को उत्तराखंड से उखाड़ फेंकने का काम किया है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के अंतिम बजट-2019 ने भी विपक्ष को चित्त कर दिया है। शाह ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा जिन्हें रबी और खरीफ फसल के बीच अंतर भी नहीं पता वह किसान के हितों की पैरवी कर रहा है। क्या इन्होंने कभी किसान का दर्द भी महसूस किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को छह हजार रुपए सालाना की आर्थिक राहत की घोषणा से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
केंद्र द्वारा रक्षा बजट में की गई बढ़ोत्तरी को भुनाते हुए शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने तीन लाख करोड़ रुपए के रक्षा बजट की घोषणा कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा रक्षा बजट दिया है।देवभूमि के हर गांव के जवान सीमा की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। देशवासी गर्व से कहते हैं कि जब तक उत्तरखंड के जवान हैं, सीमाओं की चिंता नहीं करनी चाहिए।इससे पहले पचास साल से राज कर रही कांग्रेस सरकार ने सेना के अाधुनिकरण व सुधार के लिए कोई पहल नहीं की। इतना ही पांच दशक लगा दिए सैनिकों को 'वन रैंक वन पेंशन' की स्वीकृति देने में, लेकिन मोदी राज में साल भर के अंदर इस पर निर्णय लेकर सेनानियों को राहत पहुंचाई।
महागठबंधन पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि गठबंधन कभी ताकतवर नहीं बन सकता। यह सब क्षेत्रीय नेता हैं। गठबंधन का कोई नेता नहीं है। चंद्रबाबू नायडू हल्द्वानी में सभा करेंगे तो कोई सुनने आएगा क्या? ममता को सुनने कौन आएगा? एक दूूसरे का मुंह न देखने वाले बुआ-भतीजे भी मोदी जी को हटाने के लिए साथ आ गए। ये लोग देश का कभी भला नहीं कर सकते। गठबंधन के नेता कहते हैं मोदी हटाओ, मोदी कहते हैं गरीबी हटाओ, भ्रष्टाचार हटाओ, बीमारी हटाओ। वे जितना मोदी का नाम लेते हैं उतना नारायण का नाम लेते तो उनका भला हो जाता।
शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि एकबार फिर देवभूमि में भाजपा को पांचों संसदीय सीट जितानी है। दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी भाजपा के पास है। त्रिवेंद्र सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे आपको शर्मसार होना पड़े, इसलिए गर्व से जनता के पास जाइए।