
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर सवाल खड़ा करने के साथ ही अनिल अंबानी के लिए मिडिलमैन की भूमिका निभाने का आरोप लगाया है साथ ही इस बात की चेतावनी भी दी है कि पीएम जांच से बच नहीं सकते। बशर्ते उनके खिलाफ मामला भी दर्ज होना चाहिए। उनके इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला बोला है।
राहुल के झूठ का होगा पर्दाफाश
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल बेशर्मी से झूठ बोल रहे हैं। उनके झूठ का पर्दाफाश किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष रफाल मामले में विदेशी कंपनियों के लॉबिस्ट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने एयरबस कंपनी के एग्जीक्यूटिव के ईमेल का हवाला देते हुए पीएम मोदी पर आरोप लगाए हैं। जबकि इस मामले में कंपनी की भूमिका भी जांच के दायरे में है। इस बात की जांच चल रही है कि कंपनी का ईमेल राहुल गांधी को कैसे मिला?
अंबानी को कैसे पता
आपको बता दें कि राहुल गांधी ने फ्रांस की एयरबस कंपनी के एक एग्जीक्यूटिव के एक ईमेल के आधार पर आज कहा कि पीएम ने अनिल अंबानी के लिए मिडिलमैन की भूमिका निभाई है। अगर ऐसा नहीं है तो अनिल अंबानी को एमओयू पर साइन होने से पहले रफाल डील के बारे में जानकारी कैसे थी। ईमेल इस बात के सबूत हैं कि फ्रांस के रक्षा मंत्री के ऑफिस में अनिल अंबानी गए थे। मीटिंग में अंबानी ने कहा था कि जब पीएम आएंगे तो एक एमओयू साइन होगा, जिसमें अनिल अंबानी का नाम होगा। उन्होंने कहा कि ये ताज्जुब की बात है कि रफाल सौदे के बारे में अंबानी को पता होता लेकिन रक्षा मंत्री को पता नहीं होता। इसके बारे में न तो भारत के तत्कालीन रक्षा मंत्री को मालूम था, न ही एचएएल को, न ही विदेश मंत्री को।