
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी आज रॉबर्ट वाड्रा से सबूतों के आधार पर पूछताछ करेंगे। जानकारी के मुताबिक ईडी के अधिकारी आज वाड्रा से गुप्त ईमेल के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश करेंगे। अगर ईमेल की बात वाड्रा स्वीकार करते हैं तो आज शाम तक इस मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है। आपको बता दें कि रॉबर्ट वाड्रा से बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय में पांच घंटे की पूछताछ बेनतीजा रही थी। उन्होंने किसी भी आरोप का जवाब देने से इन्कार कर दिया था। इसलिए अब ईडी ने आज कई सबूतों को सामने पूछताछ करेगी।
वाड्रा को दिखाए जाएंगे गुप्त मेल
ईडी से मिली जानकारी के मुताबिक हथियारों के सौदागर संजय भंडारी के रिश्तेदार सुमित चड्ढा ने भंडारी और रॉबर्ट वाड्रा को मार्क कर कई ई-मेल भेजे थे। वाड्रा ने दोनों को इन ई-मेल का जवाब देते हुए कई प्रॉपर्टीज के बारे में साफ निर्देश दिए थे। वाड्रा को ये मेल दिखाए जाएंगे, जिनसे यह पता चलता है कि काले धन का इस्तेमाल कथित तौर पर प्रॉपर्टी खरीदने के लिए किया गया। ईडी के सूत्रों का कहना है कि मनी लॉड्रिंग वाले धन का इस्तेमाल वाड्रा के लिए बेनामी संपत्ति खरीदने में किया गया।
सबसे पहले आईटी अधिकारियों को मिला गुप्त ईमेल
इस ईमेल के बारे में सबसे पहले आयकर विभाग के अधिकारियों को उस समय जानकारी मिली थी जब विभाग के अधिकारियों ने अक्टूबर, 2016 में संजय भंडारी के दक्षिण दिल्ली स्थित आवास पर छापा मारा था। ये सभी ई-मेल जून, 2009 और अक्टूबर, 2010 के बीच के हैं। ईडी सूत्रों का कहना है कि ई-मेल से यह पता चलता है कि वाड्रा के करीबी सहयोगी के नियंत्रण वाली शेल कंपनियों ने इन प्रॉपर्टीज की खरीद की थी।