
नई दिल्ली। पिछले दो दिनों में महाराष्ट्र का समीकरण काफी तेजी से बदला। शनिवार को देवेन्द्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं, मंगलवार को उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया। वहीं, अब राज्य में महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (MVA) की सरकार बनने जा रही है। MVA की सरकार बनने पर शिवसेना नेता संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है।
महाराष्ट्र में अब शिवसेना, NCP और कांग्रेस गठबंधंन की सरकार बनने जा रही है। इस गठबंधन को महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (MVA) नाम दिया गया है। उद्धव ठाकरे राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे और गुरुवार को शपथ ग्रहण समारोह होगा। उससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने एक बार फिर बीजेपी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि हमारा सूर्य यान सेफली लैंड हो गया है। मीडिया से बात करते हुए संजय राउत ने कहा कि हमारा सूर्य यान मंत्रालय के छठे मंजिल पर सेफली लैंड करेगा, तब सब हंस रहे थे। लेकिन, हमारे सूर्य यान का सेफली लैंडिंग हो गया। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में अगर ये सूर्य यान दिल्ली में भी उतरे तो आपको आश्चर्य नहीं होगा। संजय राउत का साफ कहना था कि हम अपने मकसद में कामयाब हो गए और राज्य में शिवसेना का ही सीएम हुआ।
गौरतलब है कि चुनाव परिणाम आने के बाद से संजय राउत कह रहे थे महाराष्ट्र का अगला सीएम शिवसेना का ही होगा। हालांकि, शनिवार को सियासी समीकरण तेजी से बदला और बीजेपी ने NCP नेता अजित पवार संग मिलकर सरकार भी बनाई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अब देखना यह है कि राज्य में MVA की सरकार किस तरह चलती है।