
नई दिल्ली: अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक बार फिर विवादित ट्वीट किया है। थरूर ने ट्वीट कर लिखा कि हिंदी, हिंदू और हिंदुत्व की विचारधारा देश को बांट रही है। यहीं नहीं उन्होंने आगे लिखा कि हमें एकता की जरूरत है। समानता की नहीं। कांग्रेस नेता के इस ट्वीट से कांग्रेस पार्टी की मुश्किलें बढ़ने वाली है। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए ये बयान मुश्किलें खड़ा कर सकता है।
हिंदी नहीं बोलने पर छात्र को रोका गया
गौरतलब है कि हाल में मुंबई एयरपोर्ट पर एक 27 वर्षीय पीएचडी छात्र को सिर्फ इस वजह से रोक दिया गया था कि उसे हिंदी बोलनी नहीं आती थी। इसके बाद पीएचडी स्टूडेंट अब्राहम सैमुअल ने पीएम मोदी और राहुल गांधी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, कांग्रेस नेता शशि थरूर और डीएमके चीफ एमके स्टालिन को ट्वीट कर टैग किया था। सैमुअल तमिलनाडु का रहने वाला है और अमरीकी कॉलेज से पीएचडी कर रहा है। शशि थरूर ने इस छात्र के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी है।
उत्तर प्रदेश सरकार पर थरूर का विवादित ट्वीट
गौरतलब है कि थरूर कोई पहली बार इस तरह की बयानबाजी नहीं किए हैं। इससे पहले भी कई बयान दे चुके हैं। ताजा बयान उत्तर प्रदेश सरकार पर दिया है। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे कैबिनेट के साथ कुंभ में डुबकी लगाई थी। इसपर थरूर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'गंगा भी स्वच्छ रखनी है और पाप भी यहीं धोने हैं। इस संगम में सब नंगे हैं! जय गंगा मैया की!' थरूर के इस ट्वीट पर में पटना के कोर्ट में शशि थरूर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है। शशि थरूर पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।