राजनीति

देशमुख की गिरफ्तारी पर फूटा शरद पवार का गुस्सा, कहा- हर दिन, हर घंटे की कीमत चुकानी पड़ेगी

अनिल देशमुख की गिरफ्तारी पर एनसीपी चीफ शरद पवार का गुस्सा फूटा है। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों को अनिल देशमुख को गिरफ्तार कराने की साजिश रची है, उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2021, 6:32 PM IST
Sharad Pawar
Sharad Pawar

नई दिल्ली। वसूली मामले में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और एनसीपी नेता अनिल देशमुख इन दिनों न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं अब देशमुख की गिरफ्तारी पर एनसीपी चीफ शरद पवार का गुस्सा फूटा है। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों को अनिल देशमुख को गिरफ्तार कराने की साजिश रची है, उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। एक कार्यक्रम में केंद्र पर हमला बोलते हुए शरद पवार ने कहा कि अनिल देशमुख निर्दोष हैं उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है।

बीजेपी पर बरसे शरद पवार
कार्यक्रम में एनीसीपी चीफ शरद पवार ने कहा कि हमने अनिल देशमुख का केस देखा। सब जानते हैं कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। उन्होंने बताया कि वसूली मामले में फरार मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह एक दिन मेरे पास आए थे। उन्होंने मुझे बताया कि अनिल देशमुख ने मुझे उगाही करने का निर्देश दिया था और मैंने इसकी शिकायत सीएम से कर दी है। शरद पवार का कहना है कि मैंने परमबीर से पूछा कि क्या उसने अनिल देशमुख के निर्देश को माना, इस पर उन्होंने न में जवाब दिया।

हर घंटे की चुकानी पड़ेगी कीमत
उन्होंने बताया कि अनिल देशमुख भी मेरे पास आए थे और अपने खिलाफ की गई शिकायत की जानकारी दी। अनिल इस मामले की जांच पूरी न होने तक पद पर नहीं रहना चाहते थे। इसके चलते ही उन्होंने महाराष्ट्र गृह मंत्री के पद से इस्तीफा दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री पवार का कहना है कि बीजेपी एक आम आदमी (देशमुख) के खिलाफ प्रॉपगेंडा फैला रही है। इस मामले पर हम चुप नहीं बैठेंगे। आपने देशमुख को सलाखों के पीछे भेजा है और आपको हर दिन, हर घंटे की कीमत चुकानी पड़ेगी।

गौरतलब है कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने आरोप लगाया था कि देशमुख ने उन्हें हर महीने मुंबई के कारोबारियों और अन्य व्यवसायीयों से 100 करोड़ रुपए की उगाही करने का निर्देश दिया था। इसके बाद ईडी ने मामले की जांच शुरू की और बीते दिनों पूछताछ के दौरान अनिल देशमुख को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं परमबीर सिंह करीब छह महीनों से लापता हैं, इसके चलते कोर्ट ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया है।

Published on: