राजनीति

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा- इंदिरा की तरह प्रियंका गांधी कांग्रेस को लीड करने में सक्षम

Congress Leader Shashi Tharoor: प्रियंका गांधी में नेतृत्व की स्वाभाविक क्षमता प्रियंका के आने से पार्टी को मिलेगी मजबूती इससे पहले अमरिंदर कर चुके हैं प्रियंका की वकालत

2 min read

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ( Congress Leader Shashi Tharoor ) ने प्रियंका गांधी ( Priyanka Gandhi ) को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार करार दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री थरूर ने ये मीडिया की ओर से पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा।

बता दें कि मीडियाकर्मियों ने शशि थरूर से पूछा था कि क्या कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पार्टी का नेतृत्व करने के लिए उपयुक्त प्रत्याशी हैं या नही?

पार्टी को लीड करने की स्वाभाविक क्षमता

तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ( Congress Leader Shashi Tharoor ) ने कहा कि पार्टी को लीड करने को लेकर उनके पास स्वाभाविक करिश्मा है। उनका नेतृत्व निश्चित तौर पर पार्टी कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं को प्रेरित और एकजुट कर सकता है।

उनकी नेतृत्वशैली की वजह से ही कई लोग उनकी तुलना उनकी दादी और पूर्व पार्टी अध्यक्ष दिवंगत इंदिरा गांधी से करते हैं। वह निश्चित रूप से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई जान डालने में कामयाब होंगी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले चुनावों में उत्तर प्रदेश में काम करते हुए वह प्रभावशाली छाप छोड़ने के साथ ही संगठन में अनुभवी नेता के तौर पर उभरी हैं।

पार्टी अध्यक्ष पद के लिए खड़े होने में रुचि के बारे में पूछने पर थरूर ने कहा कि मैं ईमानदारी से कहूंगा कि मुझे नहीं लगता कि इस मुद्दे पर अटकलें लगाने की दूर-दूर तक भी कोई संभावना है।

कांग्रेस और भाजपा की सोच अलग

केरल से सांसद शशि थरूर ने ( Congress Leader Shashi Tharoor ) कहा है कि कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष न होने से पार्टी में अनिश्चितता पैदा हो गई है। सबने देखा कि गोवा-कर्नाटक में क्या हुआ?

थरूर ने कहा कि कांग्रेस की अंतरिम समिति को जल्द-से-जल्द एक अध्यक्ष नियुक्त करना चाहिए जो फैसले ले सके, दस्तखत कर सके।

कांग्रेस पार्टी भारत के लोकतंत्र के लिए बहुत जरूरी है क्योंकि हमारी और भाजपा की सोच अलग है।

अमरिंदर ने भी लिया था प्रियंका का नाम

इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी पार्टी अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका गांधी को सबसे उपयुक्त चेहरा बताया था। अमरिंदर सिंह ने प्रियंका का नाम लेकर सभी को चौंका दिया था।

उन्होंने कहा था कि इस समय कांग्रेस की कमान किसी युवा नेता को सौंपी जानी चाहिए।

Updated on:
30 Jul 2019 12:12 am
Published on:
29 Jul 2019 11:55 pm
Also Read
View All