
मुंबई। महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर माथापच्ची अभी भी जारी है। सीएम पद की मांग पर अड़ी शिवसेना ने अब बीजेपी से अलग होने का फैसला कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, शिवसेना अब राज्य में कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाने जा रही है। शिवसेना के नेता सोमवार को राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है।
बीजेपी के अहंकार से टूट रहा है ये गठबंधन- संजय राउत
संजय राउत ने कहा है कि सालों से चला आ रहा ये (भाजपा-शिवसेना) गठबंधन अगर आज टूट रहा है तो इसकी जिम्मेदार शिवसेना नहीं बल्कि बीजेपी है। राउत ने आगे कहा कि बीजेपी ने ही आज महाराष्ट्र को इस स्थिति में भेजा है, ये भाजपा का अहंकार है कि वो विपक्ष में बैठना चाहती है। बीजेपी आज विपक्ष में बैठने को तैयार है लेकिन सरकार बनाने को तैयार नहीं है।
शिवसेना बनाएगी कांग्रेस-एनसीपी के साथ सरकार
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में 24 अक्टूबर को आए चुनावी नतीजों के बाद से ही सरकार बनाने को लेकर माथापच्ची चल रही है। राज्य में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है तो वहीं शिवसेना दूसरे नंबर की पार्टी है। शिवसेना ने बीजेपी के सामने 50-50 का फॉर्मूला रखा, जिसके तहत दोनों पार्टियों का मुख्यमंत्री 2.5-2.5 साल के लिए रहेगा, लेकिन भाजपा इसके लिए तैयार नहीं है। अब शिवसेना ने एनडीए से अलग होने का फैसला कर लिया है और कांग्रेस-एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाने का फैसला किया है।