
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सत्ता पर काबिज होने की लड़ाई लगातार रोचक मोड़ लेकर सामने आ रही है। सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची सत्ता की जंग में हर राजनीतिक दल अपने-अपने विधायकों को इस तरह बचाने में जुटा है मानो एक मां अपने बच्चे को बचाने के लिए जद्दोजहद करती है।
एक तरफ सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे मामले पर मंगलवार तक के लिए फैसला सुरक्षित रख लिया है तो दूसरी तरफ बीजेपी के डर से शिवसेना लगातार अपने विधायकों की लोकेशन बदल रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक शिवसेना ने अपने विधायकों को होटल ललित से निकालकर होटल लेमन ट्री में स्थानांतरित कर दिया है।
...ताकि टूट ना जाएं विधायक
शिवसेना को लगातार ये डर सता रहा है कि उनके विधायकों को तोड़ने के लिए बीजेपी हर संभव कोशिश में जुटी हुई है। लगातार बीजेपी की ओर से शिवसेना विधायकों को प्रलोभन दिए जा रहे हैं।
यही वजह है कि शिवसेना अपने हर विधायक की हर पल की खबर तो रख ही रही है बल्कि लगातार उनकी लोकेशन को बदल रही है। ताकि होटल स्टाफ के जरिये भी किसी तरह की कोई गुंजाइश ना रह जाए।
मंगलवार तक के लिए फैसला सुरक्षित
आपको बता दें इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी के गलत तरीके सरकार बनाने के विपक्ष की याचिका पर सुनवाई करते हुए अपना फैसला मंगलवार तक के लिए सुरक्षित रख लिया है।
ये रहा घटनाक्रम
सुप्रीम कोर्ट में जिहर के दौरान भी कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। इन खुलासों में ये बात भी सामने आई कि राज्यपाल ने बीजेपी को बहुमत साबित करने के लिए 7 नहीं बल्कि 14 दिन का वक्त दिया था।
यानी बीजेपी को अपना बहुमत 7 दिसंबर तक साबित करना है। बीजेपी कोर्ट में भी यही दलील दी है कि कोर्ट इस मामले में दखल ना दे बल्कि इसे राज्यपाल पर छोड़ दे।