
नई दिल्लीः कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 15 मिनट बोलने की सियासत रुकने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के बेल्तांगढी में बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करते समय केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर जुबानी हमला बोला। स्मृति ने कहा कि राहुल गांधी पीएम मोदी की छोड़ें पहले वे बीजेपी उम्मीदवारों के सामने 15 मिनट बोलकर दिखाएं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बेल्तांगढी की जनता अच्छी तरह से जानती है कि राहुल बीजेपी उम्मीदवार हरीश पूंजा के सामने भी 15 मिनट नहीं बोल सकते।
सीएम पर भी बोला हमला
स्मृति ईरानी यहीं नहीं रुकीं उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोई स्वाभिमानी हिंदुस्तानी ये नहीं कहता कि हे भगवान मुझे किसी गरीब का धन लूटकर अपनी तिजोरी भरनी है। वह हमेशा यही कहता है कि हे ईश्वर मेरी भुजाओं में इतना बल दे कि ईमानदारी से दो जून की रोटी कमा सकूं।
राहुल ने दी थी मोदी को चुनौती
दरअसल उत्तर प्रदेश के अमेठी दौरे के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया जाता है, अगर मैं 15 मिनट संसद में भाषण दूं तो प्रधानमंत्री हमारे सामने खड़े नहीं हो पाएंगे। राहुल के इस बयान के बाद 15 मिनट बोलने की चुनौती का सिलसिला शुरू हो गया जो अब तक जारी है। राहुल गांधी की चुनौती का जवाब पीएम मोदी ने एक मई को कर्नाटक की चामराजनगर में रैली में दिया था। नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बिना कागज देखे 15 मिनट बोलने की चुनौती दी थी। मोदी ने कहा था कि राहुल 15 मिनट क्या पांच बार विश्वेश्वरैया बोलकर ही दिखाएं।
कांग्रेस ने दिया था बीजेपी को जवाब
पीएम मोदी की इस चुनौती के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर पीएम को चुनौती दी। एक वीडियो जारी कर कांग्रेस की तरफ से कहा गया कि वे रेड्डी ब्रदर्स को 8 टिकट देने पर क्या 5 मिनट बोलेंगे। कांग्रेस ने बीजेपी से पूछा था कि येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने को लेकर क्या पीएम बोलेंगे, जिन पर 23 आपराधिक केस दर्ज हैं।