
कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि 'कुछ बाहरी तत्वों' ने समस्या उत्पन्न करने की मंशा से पश्चिम बंगाल की 'ट्रेन टिकटें बुक करवा ली है। लेकिन कोई लाख कोशिश कर ले, उनकी सरकार दुर्गा पूजा के दौरान संभावित उपद्रवों को रोकने के लिए सभी संभव कदम उठाएगी। उनका यह बयान दुर्गा मूर्ति के विसर्जन (जो मुहर्रम के ताजिया जुलूस के समय ही हो रहा है) के दौरान गड़बड़ी होने की आशंका के बीच आया है। उन्होंने किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न करने के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा, 'एक चिंगारी आग भड़काने के लिए पर्याप्त है। मुझे पता चला है कि कुछ बाहरी तत्वों ने समस्या उत्पन्न करने और उपद्रव फैलाने की मंशा से बंगाल का टिकट बुक करवा लिया है।'
दुर्गा विसर्जन पर पाबंदी लगा दी थी
ममता ने कहा, 'मैं उन्हें कहना चाहूंगी कि बंगाल को बंगाल की तरह रहने दें। हम अपने त्योहार को अच्छी भावना से और अपने तरीके से शांतिपूर्वक मनाएंगे।' इससे पहले ममता सरकार ने दुर्गा विसर्जन को 30 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच करने पर पाबंदी लगा दी थी, क्योंकि एक अक्टूबर को मोहर्रम है। राज्य सरकार ने दो अक्टूबर को विसर्जन करने के लिए कहा था।
अपमानित किया जा रहा
ममता बनर्जी ने कहा था कि बंगाल की संस्कृति को अपमानित किया जा रहा है। केन्द्र राज्य के खिलाफ लगातार साजिश रच रहा है। यह सब राज्य के दुर्गोत्सव के माहौल को बिगाडऩे के लिए किया जा रहा है। दुर्गा पूजा के दौरान जो साजिश के तहत हिंसा फैलाएंगे, उन्हें इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे, क्योंकि हम मानव धर्म में विश्वास करते हैं।
हाईकोर्ट ने विसर्जन पर लगी रोक हटाई
हाईकोर्ट ने गुरुवार को ममता बनर्जी को बड़ा झटका देते हुए दुर्गा प्रतिमा, विसर्जन पर राज्य सरकार द्वारा लगाई गई रोक हटा दी। कोर्ट ने कहा कि मोहर्रम के दिन लोग रात 12 बजे तक मूर्ति विसर्जन कर सकेंगे। अदालत ने इसके लिए पुलिस को पूरी व्यवस्था करने के लिए भी कहा है, इसके लिए वो अलग-अलग रूट तैयार करें। इससे पहले कोर्ट ने सुनवाई शुरू होते ही सरकार को आइना दिखा दिया। मामले की सुनवाई शुरू होते हैं न्यायाधीश ने राज्य सरकार से कहा कि अगर कहीं दंगे जैसे हालात बनते हैं तो दंगाइयों पर सबसे पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल होता है। फिर भी हालात नहीं सम्भलता है तो आंसू गैस और बाद में हल्का लाठी चार्ज करना पड़ता है लेकिन विसर्जन के मामले में राज्य सरकार ने सीधे तौर पर गोली चलाने वाला एक्शन लेते हुए निषेधाज्ञा जारी कर दिया है। आप बहुत ज्यादा क्षमतावान हो सकते हैं लेकिन आप चांद की गति नहीं रोक सकते हैं, आप कैलेंडर को नहीं रोक सकते। अदालत क्षमता का गलत इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दे सकती है।