राजाजी हॉल में एंट्री लेते वक्त राहुल गांधी एसपीजी सुरक्षा के घेरे से बाहर निकल गए थे।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। दरअसल, डीएमके चीफ और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि के निधन के बाद जिल दिन उनके पार्थिव शरीर के चेन्नई के राजाजी हॉल में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, उस दिन राहुल गांधी भी उनके आखिरी दर्शन के लिए चेन्नई पहुंचे थे। इसी दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में लगे एसपीजी जवानों से बड़ी चूक हो गई। दरअसल, हुआ कुछ ऐसा था कि राहुल गांधी जब पिछले दरवाजे से राजाजी हॉल में प्रवेश कर रहे थे, उस वक्त भारी भीड़ और अफरातफरी की वजह से वो एसपीजी गार्ड्स के अलग हो गए थे। राहुल गांधी इस दौरान भीड़ के बीच में फंस गए थे।
एसपीजी घेरे से बाहर हो गए थे राहुल गांधी
स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने इस घटना को लेकर चिंता जाहिर की है। राहुल गांधी को लगभग भीड़ को चिरते हुए आगे बढ़ना पड़ा इस दौरान एसपीजी ऑफिसर्स पीछे ही रह गए थे। चिंतजनक बात इसलिए भी थी, क्योंकी एम करुणानिधि के अंतिम दर्शन के लिए जितने भी लोग वहां पहुंचे थे, उनमें से किसी की भी चेकिंग नहीं हुई थी। इस लिहाज से एसपीजी अधिकारी और भी चिंतित थे।
सीनियर अधिकारियों तक पहुंची बात
एक अंग्रेजी अखबार की खबर के मुताबिक, एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, “एसपीजी अधिकारियों ने हमें राजाजी हॉल में सुरक्षा खामियों के बारे में नहीं बताया था, हम लोगों ने उन्हें उन हालात के बारे में बताया जिससे ये गड़बड़ी पैदा हुई और लोग वीआईपी के नजदीक पुहंच गये, जैसे ही इस मुद्दे को उठाया गया हमने उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई।”
पीएम मोदी भी हाई सिक्योरिटी के बीच पहुंचे थे राजाजी हॉल
आपको बता दें कि राजाजी हॉल के पिछले दरवाजे में एक सीढ़ियों से आने की व्यवस्था की गई थी, ये सिर्फ वीआईपी, सेलिब्रेटीज और बड़े नेताओं के लिए था, जबकि पब्लिक को सरकारी मल्टी स्पेशियालिटी अस्पताल के मेन गेट से अंदर आना था। राहुल गांधी से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी रास्ते से राजाजी हॉल पहुंचे थे। उनकी सुरक्षा में भी एसपीजी गार्ड्स को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।