सतना

2700 अधिवक्ता करेंगे मतदान, जिला न्यायालय में 3 और जिलेभर में 8 पोलिंग बूथ

राज्य अधिवक्ता संघ के चुनाव आज
2 min read
• •
Updated: 17 Jan 2020, 12:13 PM IST
State bar council
State bar council

सतना. मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद के लिए चुनाव शुक्रवार को होंगे। सख्त सुरक्षा व्यवस्था और ऑब्र्जबर की निगरानी में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए जिलेभर में 8 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला अधिवक्ता संघ के सभागार में तीन और मैहर, अमरपाटन, रामपुर बाघेलान, उचेहरा, नागौद न्यायालय परिसर में पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

दरअसल, राज्य अधिवक्ता परिषद की 25 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए प्रदेशभर के 5600 से अधिक अधिवक्ता मतदान करेंगे। इसमें 2700 मतदाता सतना जिले के हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने गुरुवार को तैयारियों का जायजा लिया। एडीजे डीपी मिश्रा ने सहायक चुनाव अधिकारियों के साथ तीनों पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया।

जिले के आठ अधिवक्ता मैदान में

राज्य अधिवक्ता परिषद के चुनाव मैदान में सतना जिले के आठ अधिवक्ता हैं। इनमें सुरेंद्र शर्मा, केपी शर्मा, जगन्नाथ त्रिपाठी, नागेंद्र मिश्रा, शंकरदीन कुशवाहा, हरीश द्विवेदी, प्रदीप तिवारी, रन्नो रजक शामिल हैं। जगन्नाथ त्रिपाठी को छोड़ दें तो सभी जिले के न्यायालयों में ही सेवा दे रहे हैं। चुनाव में सबसे खास बात यह है कि वर्तमान सदस्य जगन्नाथ त्रिपाठी को सबसे ज्यादा चुनौती उनके गृह जिले सतना से ही मिल रही है।

प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
चुनाव में जीत दर्ज कराने प्रत्याशियों ने एेड़ी-चोंटी का जोर लगाया। प्रचार में कोई कसर नहीं रहने दी। गुरुवार को भी दिनभर अधिवक्ताओं को रिझाने में जुटे रहे। इस दौरान उनके परिजन भी प्रचार में जुटे रहे।

जिला अधिवक्ता संघ चुनाव जैसा माहौल

राज्य अधिवक्ता परिषद के बीते चुनावों के मुकाबले इस बार यह ज्यादा दिलचस्प नजर आ रहा है। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव की तर्ज पर जिला न्यायालय परिसर प्रचार-प्रसार की सामग्री से अटा हुआ है। जिले के सभी प्रत्याशियों ने पोलिंग बूथ से 50 मीटर के दायरे के बाहर जनसंपर्क के लिए एक दिन पहले से ही पंडाल बना रखा है।

नागौद में दो पोलिंग बूथ
प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश नागौद दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि चुनाव के लिए विश्राम कक्ष में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्र के ५० मीटर दायरे में किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित होगा। एेसा करते पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Published on: