राजनीति

सुभाष चोपड़ा को बनाया गया दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष

पूर्व सीएम शीला दीक्षित के निधन के बाद से खाली पड़ा था पद युवा नेता किसी बाहरी को अध्यक्ष बनाए जाने के खिलाफ थे राहुल गांधी किसी युवा नेता के पक्ष में थे

less than 1 minute read

नई दिल्ली । कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नाम पर मोहर लगा दी है। सुभाष चोपड़ा को दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनके नाम को मंजूरी दे दी। बता दें, पूर्व सीएम शीला दीक्षित के निधन के बाद जुलाई से यह पद खाली था।

चोपड़ा के अलावा सोनिया गांधी ने भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए कीर्ति आजाद को डीपीसीसी की प्रचार समिति का अध्यक्ष चुना है। जबकि यूथ कांग्रेस नेता पहले से ही राहुल गांधी को पत्र लिखकर बता चुके हैं कि आजाद या किसी अन्य बाहरी नेता को डीपीसीसी का अध्यक्ष नहीं बनाया जाए। पत्र में नेताओं ने किसी युवा चेहरे पर विश्वास जताने का आग्रह किया था।

महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद दिल्ली प्रदेश इकाई में कांग्रेस के नए अध्यक्ष को लेकर हलचल तेज हो गई थी। आलाकमान के सामने यह बड़ी चुनौती थी कि दिल्ली के सामाजिक एवं क्षेत्रीय समीकरणों को साधते हुए पार्टी की आंतरिक कलह पर कैसे अंकुश लगाया जाए। सूत्रों के अनुसार- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी किसी युवा नेता के पक्ष में थे। इसी क्रम में कुछ हफ्ते पहले दिल्ली के कुछ युवा नेताओं से बातचीत भी की गई थी।

वहीं दिल्ली विधानसभा का चुनाव भी नजदीक आ रहा है। इसलिए भी अध्यक्ष पद को भरना जरूरी हो गया था। लेकिन पार्टी आंतरिक गुटबाजी के कारण द्वंद्व में थी। कुछ नेता कीर्ति आजाद जैसे बाहरी नाम का विरोध कर रहे थे। वे चाहते थे कि कमान किसी ऐसे व्यक्ति के हाथ में दी जाए, जिसके ना पर सर्वसम्मति हो और वो पार्टी में गुटबाजी पर अंकुश लगा सके।

Updated on:
24 Oct 2019 09:38 am
Published on:
23 Oct 2019 07:45 pm
Also Read
View All