चंडीगढ़ से मौजूदा सांसद किरण खेर फिर मैदान में होशियारपुर (आरक्षित) से सोमनाथ लड़ेंगे चुनाव
भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और पंजाब की दो सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। गुरदासपुर सीट से भाजपा ने नया दांव खेला है। यहां बॉलीवुड एक्टर सनी देओल को उतारा है। इससे पहले यहां से बॉलीवुड एक्टर विनोद खन्ना चुनाव लड़ते थे। इसी तरह चंडीगढ़ सीट से किरण खेर जबकि होशियारपुर (आरक्षित) सीट से सोम प्रकाश को मैदान में उतारा है।
बता दें, इससे पहले गुरदासपुर सीट पर भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा, इस संबंध में अटकलें लगाई जा रही थीं। सभी पार्टियों ने इस सीट से उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए थे। इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं में उम्मीदवार के नाम के बारे में उत्सुक्ता बनी हुई थी। लेकिन भाजपा नेतृत्व ने बॉलीवुड में 'ढाई किलो का हाथ' वाले डायलॉज से जाने जाने वाले सनी देओल को इस सीट से चुनाव मैदान में उतार दिया। आज ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
इससे पहले विनोद खन्ना यहां से सांसद थे। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में यहां कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ जीते थे। उन्होंने भाजपा के स्वर्ण सलारिया को करीब दो लाख मतों के अंतर से हराया था।
उपचुनाव में हार के बाद भाजपा के सामने यह बड़ी चुनौती थी कि यहां से किस दमदार चेहरे को उतरा जाए। सनी को उतारकर भाजना ने अन्य दलों के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। इस सीट से लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सुनील जाखड़ ही चुनाव मैदान में हैं।
गौर हो, इससे पहले बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार के एक ट्वीट से कयास लगाए जा रहे थे कि वे गुरदासपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार हो सकते हैं। किंतु कुछ ही घंटे बाद अक्षय ने एक अन्य ट्वीट करके इस संभावना को खारिज कर दिया था।
पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा हर हाल में गुरदासपुर सीट को जीतना चाहती है। यह अटकलें भी पहले से लगाई जा रही थीं कि यहां से किसी सेलिब्रिटी को ही उतारा जाएगा।