विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अक्सर ट्विटर पर अपने एक्शन की वजह से चर्चा में रहती हैं लेकिन इसबार अपने एक ट्वीट की वजह से ट्रोल हो गई हैं।
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अक्सर ट्विटर पर अपने एक्शन की वजह से चर्चा में रहती हैं लेकिन इसबार अपने एक ट्वीट की वजह से ट्रोल हो गई हैं। सुषमा स्वराज ने शुक्रवार रात ढुबरी लोकसभा से एआईयूडीएफ पार्टी के सांसद बदरूद्दीन अहमद के धन्यवाद ट्वीट का जबाव दिया गया था और अपनी पार्टी के लिए अब वोट करने की अपील की गयी थी। कई ट्विटर यूजर्स को विदेश मंत्री का इस तरह वोट की अपील रास नहीं आई।
आप हमे वोट दीजिए
सांसद बदरूद्दीन अहमद ने भारत सरकार को इजराइल की राजधानी येरूशलम को राजधानी घोषित करने के अमेरिकी निर्णय के खिलाफ यूएन में वोटिंग के लिए धन्यवाद ट्वीट किया था। इस ट्वीट के जवाब में विदेश मंत्री ने सांसद बदरूद्दीन अहमद को धन्यवाद कहा और अपनी पार्टी के लिए वोट की अपील की।
विदेश मंत्री द्वारा इस तरह वोट मांगने की अपील पर एक यूजर ने लिखा है कि क्या यह वही बीजेपी है जिसे हम लोगों ने वोट किया है। इस यूजर ने 2019 में चुनाव की याद दिलाते हुए यह भी कहा कि यह इजराइल था जिसने 1999 के कारगिल युद्ध में भारत को हथियारों की आपूर्ति कर अपना समर्थन दिया था।
वहीं कुछ यूजर्स इसे बीजेपी द्वारा मुस्लिम तुष्टीकरण कह निशाना साध रहे हैं। कुछ यूजर्स सेक्युलर शब्द को गाली के परिप्रेक्ष्य में विदेश मंत्री को सेक्युलर घोषित कर रहे हैं।
अमरीका के फैसले का भारत ने किया विरोध
यूएन में यह वोटिंग येरूशलम को इजराइल की राजधानी घोषित करने के अमेरिकी फैसले पर हो रही थी। इस वोटिंग में 128 देशों ने अमेरिका के खिलाफ वोट किया,जिनमें भारत भी शामिल है। सिर्फ 9 देशों ने अमेरिका का समर्थन किया है। यूएन में अमेरिका की स्थायी प्रतिनिधि निकी हेली ने इस फैसले के खिलाफ वोटिंग करने वाले देशों को उनकी आर्थिक मदद रोकने की चेतावनी दी है। येरूशलम पर ट्रंप के निर्णय का जोरदार स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका इस दिन को कभी नहीं भूलेगा।