
नई दिल्ली। दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह तमिलनाडु विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। शुक्रवार को अपने आवास पर मीडिया को संबोधित करते हुए रजनीकांत ने कहा कि वह अपने समर्थकों को निराश नहीं करना चाहते हैं। विधानसभा चुनाव की जब भी घोषणा होगी वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। रजनीकांत ने कहा कि वह चुनावी मैदान में आने के लिए अपनी तरफ से पूरी कवायद कर चुके हैं और 23 मई के बाद इस बारे में फैसला करेंगे। रजनीकांत पहले भी कह चुके हैं कि 2021 में वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और सभी 234 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे। हालांकि रजनीकांत ने अभी तक अपनी पार्टी के नाम का ऐलान नहीं किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक वह जल्द ही पार्टी की घोषणा करेंगे।
पीएम मोदी के दोबारा सत्ता में लौटने पर बोले रजनीकांत
मीडिया की ओर से पूछे गए सवाल कि क्या पीएम मोदी दोबारा सत्ता में लौटेंगे, इसपर अभिनेता ने कहा कि इसके लिए हमें 23 मई का इंतजार करना होगा। अभी इसपर कहना जल्दीबाजी होगी।
18 विधानसभा सीटों पर 18 अप्रैल को उपचुनाव
गौरतलब है कि तमिलनाडु में 18 अप्रैल को 38 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। साथ-ही साथ 18 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले गए। अगर इन सीटों पर एआईएडीएमके हारती है तो राज्य में उसकी सरकार पर संकट आ सकता है। जिसके बाद मौजूदा सरकार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। 2021 में विधानसभा का कार्यकाल पूरा हो रहा है।