तेज प्रताप से पहले तेजस्वी यादव भी नीतीश कुमार के महागठबंधन में आने की बातों पर नाराज हो चुके हैं और कह चुके हैं कि उन्हें शामिल नहीं किया जाएगा।
पटना। जम्मू-कश्मीर में बीजेपी और पीडीपी का गठबंधन टूटने के बाद से ही बिहार में नीतीश कुमार के एनडीए से अलग होने की खबरें तेज हो गई थीं। माना जा रहा था कि 2019 लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर बीजेपी और जेडीयू के बीच कुछ तनातनी चल रही है, जिस वजह से नीतीश कुमार एनडीए से अलग हो सकते हैं। एनडीए से अलग होकर नीतीश कुमार के फिर से महागठबंधन में आने की बातें खूब होने लगी हैं। लेकिन इस बीच इन अटकलों को लेकर आरजेडी के अंदर भी अब नीतीश कुमार का विरोध तेज हो गया है।
तेजप्रताप ने कहा, महागठबंधन में नहीं मिलेगी एंट्री
नीतीश के वापस महागठबंधन में आने को लेकर कांग्रेस और आरजेडी दोनों ही विरोध कर रही हैं। आरजेडी के नेता और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने इन बातों का खुलकर विरोध किया है। तेज प्रताप यादव ने नीतीश के फिर से महागठबंधन में आने की बातों का विरोध किया है। आपको बता दें कि इससे पहले लालू यादव के दूसरे बेटे तेजस्वी यादव भी नीतीश के 'वापसी' का विरोध कर चुके हैं। एक कार्यक्रम के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि हम अपने घर के बाहर नीतीश के लिए नो एंट्री का बोर्ड लगावाएंगे। तेज प्रताप ने कहा, जब नीतीश कुमार को 10 सर्कुलर रोड, पटना स्थित हमारे घर में भी नहीं घुसने दिया जाएगा तो महागठबंधन में उनकी एंट्री कैसे संभव है। आपको बता दें कि इन दिनों तेज प्रताप यादव अपनी फिल्म रुद्र के लिए चर्चाओं में चल रहे हैं। तेज प्रताप ने तो यहां तक कह दिया कि वह अपनी मां के घर के बाहर चाचा नीतीश के लिए नो एंट्री का बोर्ड लगवाएंगे। तेज प्रताप ने कहा, जब नीतीश कुमार को 10 सर्कुलर रोड, पटना स्थित हमारे घर में भी नहीं घुसने दिया जाएगा तो महागठबंधन में उनकी एंट्री कैसे संभव है।
तेजस्वी यादव भी कर चुके हैं विरोध
तेज प्रताव से पहले तेजस्वी यादव ने कहा था कि महागठबंधन में नीतीश कुमार के लिए सभी दरवाजे बंद हो गए हैं। आपको बता दें कि वर्ष 2017 में एनडीए सरकार बनाने के लिए नीतीश कुमार महागठबंधन से अलग हो गए थे और बीजेपी के साथ हाथ मिला लिया था, लेकिन बीते 26 जून को तेजस्वी ने कांग्रेस नेताओं के एक धड़े के इस सुझाव को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि नीतीश कुमार बीजेपी से नाता तोड़ लेते हैं तो महागठबंधन में उनकी वापसी हो सकती है।