राजनीति

बिहार में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी, बोले उपेंद्र कुशवाहा -चिढ़ाया जा रहा है हमें

भाजपा का यह दुर्भाग्य है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास कोई वोटबैंक नहीं है।
2 min read
• •
Updated: 22 Sep 2018, 4:13 PM IST
bihar
बिहार में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी, बोले उपेंद्र कुशवाहा -चिढ़ाया जा रहा है हमे

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट बंटवारे को लेकर अब नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। राजग में शामिल जनता दल-युनाइटेड (जद-यू) और भाजपा के नेता भले ही जल्द सीट बंटवारे की बात कर रहे हों लेकिन राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने शनिवार को भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

रालोसपा को चिढ़ाया जा रहा है

केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नागमणि ने शनिवार को कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर रालोसपा को चिढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें राजग को छोड़कर महागठबंधन में जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

भाजपा का दुर्भाग्य है नीतीश के पास कोई वोटबैंक नहीं

उन्होंने कहा कि भाजपा का यह दुर्भाग्य है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास कोई वोटबैंक नहीं है लेकिन उसे आकाश में घुमाया जा रहा है और रालोसपा को चिढ़ाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अगले लोकसभा चुनाव के लिए राजग में बिहार की 40 सीटों के बंटवारे के लिए भाजपा, लोकजनशक्ति पार्टी और जद (यू) में बातचीत चल रही है लेकिन अब तक इसमें रालोसपा को इस बातचीत में शामिल नहीं किया गया है।

सुशील मोदी का ट्वीट

गौरतलब है कि सीट बंटवारे को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी दो दिन पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिल चुके हैं। वहीं , सीट बटवारें को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने भी ट्वीट किया था। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था, 'बिहार में एनडीए के घटक दलों में सीटों के बंटवारे और लोकसभा की सभी 40 सीटों पर जीत के लिए जब शीर्ष नेताओं के बीच परस्पर सद्भाव और सम्मान के अच्छे माहौल में बातचीत निर्णायक दौर में चल रही है, तब कुछ लोगों के पेट में पानी नहीं पच रहा है। वे अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।'

Published on: