राजनीति

अमित शाह की रैली पर टीएमसी का पलटवार, दम है तो मोदी करके दिखाएं ब्रिगेड ग्राउंड में रैली

आपको बता दें कि ब्रिगेड ग्राउंड में ही ममता बनर्जी ने कुछ दिन पहले ही रैली की थी, जिसमें 22 दलों के 40 नेता शामिल हुए थे।
less than 1 minute read
Jan 22, 2019
Madan Mitra
Madan Mitra

नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में एक रैली को संबोधित किया। लोकसभा चुनाव के मुद्देनजर अमित शाह अगले कई दिनों तक पश्चिम बंगाल में रैली करेंगे। मंगलवार को हुई अमित शाह की रैली को लेकर टीएमसी ने भाजपा पर और खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला है। टीएमसी नेता मदन मित्रा ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा है कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में दम है तो वो ब्रिगेड ग्राउंड में रैली करें और उसे भरकर दिखाएं।

ब्रिगेड ग्राउंड में ही हुई थी ममता की रैली

आपको बता दें कि ब्रिगेड ग्राउंड वही जगह है, जहां कुछ दिन पहले ही ममता बनर्जी की रैली हुई थी और जिसमें 22 दलों के 40 नेता शामिल हुए थे। इस रैली के दौरान पूरा ग्राउंड खचाखच भरा हुआ नजर आया था, जिसके दम पर ही मदन मित्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी है।

पीएम मोदी को बताया लोकतंत्र का हत्यारा

मदन मित्रा ने एक न्यूज चैनल पर डिबेट के दौरान कहा था कि मोदी का मतलब 'Murderer of Democracy in India' है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को पहले देश को ये बताना चाहिए उन्होंने कैसे मूर्तियों और अपनी विदेश यात्राओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए?

शाह ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए किया ऐलान

मदन मित्रा ने अमित शाह द्वारा किए गए उस ऐलान को जुमला बताया है, जिसमें कहा गया कि राज्य के सरकारी कर्मचारियों सातवें पे कमीशन का फायदा दिया जाएगा। टीएमसी नेता ने कहा, "अगर उनमें हिम्मत है तो उन्हें ब्रिगेड ग्राउंड में रैली करनी चाहिए और इसे भर कर दिखाना चाहिए।"

Published on:
22 Jan 2019 08:23 pm