
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर सियास घमासान जारी है। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो सका कि राज्य में किसकी सरकार बनेगी। सरकार गठन को लेकर सभी पार्टियों में माथपच्ची जारी है और NCP प्रमुख शरद पवार आज कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने वाले हैं। मुलाकात से ठीक पहले शरद पवार ने शिवसेना-बीजेपी को लेकर काफी बड़ा बयान दिया है। इधर, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी बड़ी घोषणा की है। उन्होंने अयोध्या दौरा अचानक स्थगित कर दिया है।
दरअसल, अयोध्या पर जब सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया तो उद्धव ठाकरे ने अगामी 24 नवंबर को अयोध्या जाने की घोषणा की थी। लेकिन, अचानक उन्होंने अपना दौरा स्थगित कर दिया है। कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र में सरकार बनने में देरी के कारण उन्होंने अपना यह दौरा स्थगित किया है। इसके अलावा यह भी चर्चा है कि रामजन्म भूमि परिसर की सुरक्षा की अतिसंवेदनशील होने की वजह से सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी राजनातिक दल को वहां जाने से मना किया है। हालांकि, उद्धव ठाकरे अब कब अयोध्या का दौरा करेंगे इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल चरम पर है। शिवसेना, NCP और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने को तैयार है। NCP नेता शरद पवार ने कहा कि सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इधर, बीजेपी भी सरकार बनाने की तैयारी में है। अब देखना यह है कि महाराष्ट्र में सरकार बनाने में कौन सी पार्टी कामयाब होती है और किसके सिर सीएम का ताज सजता है।