राजनीति

ममता बनर्जी पर गिरिराज सिंह का विवादित बयान, कहा- वो किम-जोंग हैं झांसी की रानी नहीं

मोदी सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि सीएम ममता बनर्जी पूतना हो सकती हैं, झांसी की रानी नहीं बन सकती हैं।
2 min read
Feb 08, 2019
Giriraj Singh
ममता बनर्जी पर गिरिराज सिंह का विवादित बयान, कहा- वो किम-जोंग हैं झांसी की रानी नहीं

नई दिल्ली। अपने मंत्रालय के काम से ज्यादा अपने बेतुके और विवादित बयानों की वजह से मीडिया सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने फिर एक बेतुका बयान दिया है। शुक्रवार को उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना द्वापर युग की राक्षसी पुतना से की है।

'ममता को लक्ष्मीबाई कहना मतलब रानी को गाली देना'

पश्चिम बंगाल में सीबीआई और कोलकाता पुलिस के बीच मचे विवाद पर सिंह संसद सत्र के दौरान बाहर मीडिया से बात कर रहे थे। यहां उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को आधुनिक युग की झांसी की रानी कहना रानी लक्ष्मीबाई को गाली देने जैसा है। इसके साथ ही उन्होंने ममता को बंगाल का किम जोंग उन तक कह डाला। दरअसल टीएमसी ममता को आधुनिक भारत की झांसी की रानी कह रही है।

आज गिरिराज सिंह ने क्या कहा

केंद्रीय केंद्रीय सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्य मंत्री ने कहा कि शायद झांसी की रानी के नाम पर ये गाली है। ये पूतना हो सकती हैं, झांसी की रानी नहीं बन सकती हैं। जो पूरे बंगाल को तबाह करके रखी हैं। ये किम जोंग बन सकती हैं। जो लोगों को उनके खिलाफ बोलने पर उनकी हत्या कर सकती हैं। ये झांसी की रानी और पद्मावत बनने की ताकत नहीं हैं। जो रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को समर्थन दे और भारत को तोड़ने की बात करे, हिंदू को निकालने की बात करे, झांसी की रानी नहीं हो सकती। झांसी की रानी ने हिंदुस्तान को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी थी ये हिंदुस्तान को तोड़ने की लड़ाई लड़ रही हैं।

पहले कहा था- सुपर नौटंकी

पांच फरवरी को ममता बनर्जी के धरने पर भी गिरिराज सिंह ने ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सब जानती हैं। उन्होंने विपक्षी समूहों को झटका देने के लिये यह नाटक किया। वह सुपर नौटंकी मास्टर हैं। सिंह ने कहा कि उन्होंने (ममता) आतंक फैलाया। उच्चतम न्यायालय ने आज स्पष्ट कर दिया कि उन्हें सीबीआई से सहयोग करना होगा। यह सीबीआई के नाम पर मोदी के खिलाफ नाटक है।

Published on:
08 Feb 2019 03:33 pm