
नई दिल्ली। यूपी की सियासत को हिलाने वाला उन्नाव गैंगरेप मामले में सीबीआई ने भाजपा के आरोपी विधायक कुलदीप सेंगर को गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा विधायक को बेहद नाटकीकय अंदाज में सुबह साढ़े चार बजे के इंदिरा नगर स्थित उनके घर से सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। फिलहाल लखनऊ मुख्यालय में सीबीआई की टीम आरोपी विधायक से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल सीबीआई लखनऊ मुख्यालय में हैं सेंगर
आरोपी भाजपा विधायक सेंगर को घर से गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई की टीम उन्हें लखनऊ स्थित सीबीआई मुख्यालय ले गई। गिरफ्तारी के बाद सेंगर ने कहा कि वो खुद सीबीआई के अधिकारियों से मिलने आया है। आपको बता दें कि सेंगर के खिलाफ गैंगरेप मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में भी मामला दर्ज है।
इलाहबाद हाईकोर्ट आज सुनाएगी अपना फैसला
इस मामले में बुधवार को पीड़िता की शिकायत पर इलाहबाद हाईकोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया था। गुरुवार को इस पूरे मामले पर सुनवाई हुई। हाईकोर्ट ने यूपी सरकार को दो बजे तक इस मामले में जवाब देने को कहा था। इस दौरान कोर्ट ने यूपी सरकार से पूछा कि आप एक घंटे में बताएं कि विधायक को गिरफ्तार करेंगे या नहीं? इसके जवाब में यूपी सरकार ने कहा कि हमारे पास विधायक के खिलाफ सबूत नहीं हैं। उनके बाद हाईकोर्ट ने शुक्रवार दोपहर दो बजे फैसला सुनाने की बातें कही थी। हाईकोर्ट का फैसला आने से पहले सीबीआई ने आरोपी विधायक को गिरफ्तार कर लिया है। विधायक की गिरफ्तारी न होने से योगी सरकार पर ये आरोप लग रहे थे सरकार विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं करना चाहती है।
विधायक के खिलाफ संगीन धाराओं में दर्ज है केस
इस मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर उन्नाव के माखी थाने में विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। विधायक के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366, 376 ,506 और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दायर है। गुरुवार को यूपी के डीजीपी ने कहा था कि मामला सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया गया है इसलिए गिरफ्तारी पर फैसला सीबीआई ही लेगी।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला यूपी के उन्नाव जिले का है। यहां एक नाबालिग लड़की ने बांगरमऊ विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक कुलदीप सेंगर पर बलात्कार का आरोप लगाया है। यह घटना जून 2017 की है। न्याय की मांग को लेकर आरोप लगाने वाली लड़की ने सीएम योगी के घर के बाहर आत्मदाह की कोशिश भी की थी। इसी महीने की तीन तारीख को पीड़िता के पिता की जेल में संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई थी। पीड़िता ने विधायक कुलदीर सेंगर पर जेल में हत्या कराने का आरोप लगाया है।