
नई दिल्ली। पीएम मोदी की से लोकसभा में श्रीराम मंदिर निर्माण ट्रस्ट की घोषणा के बाद से जहां देश भर में खुशी का माहौल है वहीं विश्व हिंदू परिषद ( विहिप ) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। विहिप प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा है कि श्रीरामधाम के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की घोषणा मात्र से कांग्रेस में अजीब सन्नाटा है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि घोषणा के कई घंटे बीत जाने के बाद भी बयान की बात तो दूर कांग्रेस और राहुल गांधी के ट्विटर से अभी तक कोई चिड़िया भी नहीं उड़ी। कांग्रेस के नेताआें ने तो भगवान राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था।
विनोद बंसल ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में सर्वोच्च स्तर तक राममंदिर की सुनवाई को टालने तथा बाबरवादियों को हर प्रकार की सहायतार्थ अपनी पूरी शक्ति लगाने वाली कांग्रेस और राहुल गांधी को श्रीरामधाम के विरोध का भी पूरा अधिकार है। लेकिन इस बार कांग्रेस के युवराज से लेकर उनके बड़वोले नेताआें ने चुप्पी साध रखी है। अभी तक किसी भी कांग्रेस के नेता चुप्पी नहीं तोड़ी है। लगता कांग्रेस के नेता इस मुद्दे पर चुनाव के बाद ही कुछ बाेलेंगे।
दुर्गा वाहिनी ने किया जयश्री राम का उद्घोष
दूसरी तरफ विहिप के माघ मेला शिविर में राम मंदिर मॉडल के समक्ष पर विहिप पदाधिकारियों की मौजूदगी में दुर्गा वाहिनी की सदस्यों ने बुधवार को जय श्री राम का उद्घोष किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में दुर्गा वाहिनी से जुड़ी महिलाओं ने मंदिर मॉडल की परिक्रमा भी लगाई। यहां विहिप क्षेत्र संगठन मंत्री अंबरीश सिंह ने श्री राम का उद्घोष करवाने के साथ राम ने उत्तर दक्षिण जोड़ा, भेदभाव का बंधन तोड़ा, ‘बच्चा-बच्चा राम का, आदि नारे लगवाए।