
-मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री का पुतला फूंका
प्रतापगढ़. भाजपा की ओर से सोमवार को शहर के गांधी चौराहे पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव से पहले किए गए वादे नहीं निभाने का आरोप लगाया। भाजपा कार्यकर्ता दोपहर करीब 11.30 बजे शहर के गांधी चौराहे पर एकत्र हुए। उन्होंने कांग्रेस सरकार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलेट के खिलाफ जमकर नारे लगाए और मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री का पुतला फूंका। इसके बाद मिनी सचिवालय पहुंचकर अतिरिक्त जिला कलक्टर को राज्यपाल के नाम का ज्ञापन सौंपा गया।
सरकार को लिया आड़े हाथ
इस मौके पर भाजपा वक्ताओं ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उसकी कार्यप्रणाली पर तीखे प्रहार किए। वक्ताओं ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले राजस्थान के गरीब, बेरोजगारों, किसानों ओर युवाओं को अलग-अलग सब्जबाग दिखाते हुए कांग्रेस ने अपनी सरकार बनने के तुरंत बाद उनकी समस्याओं का समाधान करने का वादा किया था। किसानों को उंगलियों पर 1 से 10 तक कि गिनती बोलकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनने के 10 दिनों के अंदर उनके सभी प्रकार के ऋण माफ करने का वादा किया था। युवा बेरोजगारों को 3500 रुपया बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करने वाली कांग्रेस की प्रदेश में सरकार बने हुए 40 दिन हो चुके हैं लेकिन सत्ता के मद में चूर कांग्रेस सत्ता में आते ही किसानों तथा युवा बेरोजगारों का दुख दर्द भूल कर मदमस्त हो गांधी परिवार की भक्ति में लीन हो गई है। महज सत्ता पाने के लोभ में प्रदेश भर के युवाओं, गरीबों, किसानों एवं बेरोजगारों से झूठ बोलकर धोखा देकर वोट हडपने वाली अपने ही अंतर्विरोधों में घिरी हुई अपने हर निर्णय के लिए दिल्ली में बैठे अनुभवहीन सत्ता केंद्र की ओर ताक रही कांग्रेस पार्टी राजस्थान सरकार की सत्ता मिलते ही अपने सभी वादे भूल गई है। इस जनविरोधी सरकार को इसकी कुम्भकर्णी नींद से जगाने के लिए 25 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी ने एक साथ राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रेस कान्फ्रेंस का आयोजन कर चेतावनी देते हुए किसानों से किये वादे पूरे कर तुरंत प्रभाव से किसानों की कुल 99 हजार रुपये की सम्पूर्ण कर्ज माफी करने, बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा पूरा करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गरीब सवर्णो को 10 प्रतिशत आरक्षण देने के निर्णय को गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखण्ड तथा उत्तरप्रदेश सरकारों द्वारा लागू किये जाने के बाद अब राजस्थान में भी लागू करने को कहा था लेकिन ऐसा नहीं किया गया। ऐसे में कर्जमाफी, बेरोजगारी भत्ता तथा 10 प्रतिशत सवर्ण आरक्षण नही दिए जाने को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन कर राजस्थान के राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिए जा रहे हैं। भाजपा जिला पालक शांतिलाल डोशी, जिला महामंत्री हेमन्त मीणा, नगर परिषद सभापति कमलेश डोसी, उप जिला प्रमुख आशीष जैन, भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष अनिल पोरवाल प्रतापगढ़ ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष मांगूसिंह शिशोदिया, नगर मण्डल अध्यक्ष मुकेश नागर, जिला मीडिया प्रभारी महेश शर्मा, पार्टी के देवगढ़ मण्डल अध्यक्ष धनराज मीणा, एस सी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश मालवीय, एस सी मोर्चा जिलाध्यक्ष हीरालाल रैदास, भाजपा नेता रमेश मीणा, ग्रामीण मण्डल महामंत्री गिरीश बाठी, युवा मोर्चा जिला महामंत्री संजय बैंसला, लालगढ़ सरपंच जमना लाल मीणा, नाकुराम मीणा, ओंकार लाल मीणा आदि ने सम्बोधित किया। इस दौरान भाजपा के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
न्याय नहीं तो 8 फरवरी को गिरफ्तारी देंगे भाजपाई
भाजपा जिला मीडिया प्रवक्ता महेश शर्मा ने बताया कि आज के प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार को यह चेतावनी दी गई कि यदि उसने हमारे ज्ञापन पर निर्णय लेकर किसानों, युवा बेरोजगारो, तथा पिछड़े सामान्य वर्ग को न्याय नही दिया तो आगामी 8 फरवरी को पूरे राज्यभर में भाजपा के कार्यकर्ता वंचित किसानों, युवा बेरोजगारों एवं पिछड़े सामान्य वर्ग के लोगों के साथ गिरफ्तारियां देंगे।