
प्रतापगढ़. अभय कमांड कार्यक्रम के तहत शहर में 172 चिन्हित स्थानों पर 452 सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। पहले चरण में शहर में 50 पोल पर करीब 100 कैमरे लगाए जाएंगे। जिसके लिए पोल लगा दिए गए हैं और अन्य कार्यों पर काम चल रहा है।
कमांड सेंटर का कार्य पूरा
शहर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के लिए जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अभय कमांड सेंटर और पुलिस कंट्रोल रूम तैयार हो गया है। इसमें आधुनिक तकनीक के संसाधनों को इंस्टॉल किया गया है। इसमें बड़ी-बड़ी एलइडी स्क्रीन से विभिन्न स्थानों पर लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे ऑनलाइन रहेंगे। इस कंट्रोल रूम में बैठकर पूरे शहर की हर हरकत पर निगाह रखी जा सकेगी। शहर में किसी भी कोने में किसी वारदात की सूचना मिलते ही संबंधित घटनास्थल के नजदीकी सीसीटीवी कैमरे से लाइव तस्वीरें कंट्रोल रूम पर देखी जा सकेगी। कुछ कैमरे इतने अत्याधुनिक होंगे जिनसे बाइक या अन्य किसी भी वाहन की नंबर प्लेट को स्कैन किया जा सकेगा। कंट्रोल रूम के लिए अलग स्टॉफ होगा।
अब यह कार्य बाकी
योजना के तहत अभय कमांड सेंटर बनकर तैयार है। कैमरे लगाने के लिए पोल भी लगा दिए गए हैं। विद्युत कनेक्शन के लिए डिमांड नोट भी जमा हो चुके हैं जिसके बाद जल्द ही विद्युत कनेक्शन करवाया जाएगा। इसके बाद विद्युत लाइन बिझाने का कार्य किया जाएगा। वहीं सरकारी कार्यालयों को इंटरनेट से जोडऩे और कैमरों के लाइव के लिए ओएफसी केबल डालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। ये कार्य पूरे होते ही कैमरे लगाने का कार्य किया जाएगा।
300 मीटर तक नजर
योजना के तहत हाई रेजोलेशन व नाइट वीजन कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरा 300 मीटर की दूरी पर नजर रख सकेगा। इससे लोकेशन की लाइव तस्वीरें मिलेंगी और परिसर की विभिन्न गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।
यह मिलेगी सुविधा
कहीं पर भी वारदात होने की स्थिति में बदमाशों का हुलिया जानने के लिए पुलिस को यहां वहां कमजोर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज नहीं खोजने पड़ेंगे। अब तत्काल सीसीटीवी पर विडियो और तस्वीरें दोनो पुलिस को मिल सकेगी। कंट्रोल रूम में इन सीसीटीवी कैमरों का विडियो रिकार्ड भी लंबे समय तक स्टोर रह सकेगा। कंट्रोल रूम में ही बैठकर नियंत्रक अधिकारी संबंधित प्वाइंट के आसपास तैनात पुलिसकर्मी को निर्देश देकर व्यवस्था सुधार भी करवा सकेंगे।
--------------
::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::