प्रतापगढ़

सेक्टर ऑफिसर एवं पुलिस अधिकारियों को दिया चुनाव प्रशिक्षण

विधानसभा आम चुनाव 2018
3 min read
pratapgarh
सेक्टर ऑफिसर एवं पुलिस अधिकारियों को दिया चुनाव प्रशिक्षण

प्रतापगढ़. विधानसभा आम चुनाव 2018 के तहत प्रतापगढ़ व धरियावद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल मेहरा की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय सभागार में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल मेहरा ने कहा कि वे चुनाव आयोग के निर्देशानुसार चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि सेक्टर ऑफिसर की चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए वे आयोग के निर्देशो की अक्षरत: पालना सुनिश्चित करें और मतदान केन्द्रों की स्थिति शौचालय सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाएं पूर्व में ही सुनिश्चित करें। उन्होंने आदर्श आचार संहिता की पालना करने सहित विभिन्न आदेशों एवं व्यवस्थाओं आदि की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कहा कि वे चुनाव कार्य को गंभीरता से लें और कानून की जानकारी रखते हुए अपनी उच्चतम क्षमता से कार्य करें। उन्होंने अपने सेक्टर का रोड़मेप एवं क्षेत्र की पूरी जानकारी रखने एवं सभी मतदान केन्द्रों का बारीकियो से निरीक्षण करने सहित चुनाव शांति पूर्वक सम्पन्न कराने के लिए अपने दायित्वो को पूर्ण करने की बात कही। उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेमेन्द्र नागर ने चुनाव का प्रशिक्षण दिया। दो सत्रो में आयोजित इस चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर सुधीर वोरा, चन्द्रप्रकाश द्विवेदी ने चुनाव प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर धरियावद एवं प्रतापगढ़ के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी रामचन्द्र खटीक व वारसिंह तथा चुनाव प्रशिक्षण प्रभारी जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक हितेष जोशी सहित धरियावद विधानसभा क्षेत्रा के लसाडिय़ा व सलूम्बर के सेक्टर ऑफिसर मौजूद रहे।

विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़े और प्रतापगढ़ का नाम रोशन करें
प्रतापगढ़. जनजाति क्षेत्र में खेल और शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रतिभाओं की कमी नही है। आवश्यकता इस बात की है कि प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए अधिकारी एवं छात्रावास अधीक्षक जिम्मेदारी से अपना कार्य करें और प्रतिभाओ को निखारे। जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नन्दलाल मीणा ने शनिवार को माणिक्यलाल वर्मा आदिम जाति शौध एवं प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर तथा जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के तत्वाधान में खेल अकादमी प्रतापगढ़ में आयोजित जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में यह बात कही। समारोह में 249 शैक्षणिक एवं 6 1 जनजाति खेल प्रतिभाआ को प्रशस्ति पत्र एवं नगद राशि से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि जनजाति विभाग का मंत्री बनाने के बाद उनकी सोच थी की जनजाति क्षेत्र के बालक-बालिकाएं खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़े और प्रतापगढ़ का नाम रोशन करें और यह प्रयास रंग ला रहे हैं।
अवसर मिले तो किसी से पीछे नहीं
नगर परिषद सभापति कमलेश डोसी ने कहा कि जनजाति के बालक-बालिकाओ को अवसर मिलते रहें तो वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओ के सम्मान से ओरों को भी प्रेरणा मिलेगी।
क्षेत्र के बच्चे काफी मेहनती
जिला कलक्टर भंवरलाल मेहरा ने कहा कि इस क्षेत्र के बच्चे मेहनती है और इन्हें और अवसर मिले तो ये आगे बढ़ेगे और अच्छे परिणाम देंगे। उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्र की खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र की प्रतिभाओ का सम्मान करना विभाग का कार्य है । समारोह को धनराज शर्मा ने भी संबोधित किया। आभार प्रदर्शन जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जनजाति परियोजना अधिकारी डॉ. वीसी गर्ग ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक शिवराज, प्रतापगढ़ प्रधान कारीबाई, अरनोद प्रधान सुमन मीणा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न जिलों से आयी प्रतिभाएं उपस्थित रही।
इन्हें किया सम्मानित
समारोह में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के 12, राष्ट्रीय स्तर के 22 एवं राज्य स्तर के 27 पदक प्राप्त जनजाति खेल प्रतिभा तथा शैक्षणिक वर्ग में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, चिकित्सा एवं पीएचडी, आईआईटी, आरपीएससी में चयनित प्रतिभाओ को सम्मानित किया। अन्तरराष्ट्रीय स्तर के 12, राष्ट्रीय स्तर के 22 एवं राज्य स्तर के 27 पदक प्राप्त जनजाति खेल प्रतिभा तथा शैक्षणिक वर्ग में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, चिकित्सा एवं पीएचडी, आईआईटी, आरपीएससी में चयनित प्रतिभाओ को सम्मानित किया। मंच का संचालन सुरेन्द्र सुमन व जगदीश सालवी ने किया।

Updated on:
29 Sept 2018 05:31 pm
Published on:
29 Sept 2018 05:31 pm