
प्रतापगढ़।
राजस्थान पत्रिका और फेसबुक के साझा सहयोग से चलाए जा रहे 'शुद्ध का युद्ध अभियानÓ के तहत मंगलवार को नीमच रोड स्थित एपीसी कॉलेज में विद्यार्थियों से फेक न्यूज पर संवाद किया गया। इसमें विद्यार्थियों को समझाया गया कि वे सोशल मीडिया पर चलने वाली खबरों को पहले जांचे, परखें और उसकी सत्यता के बारे में संतुष्ट होने के बाद ही उसे आगे फॉरवर्ड करें।
इस संवाद कार्यक्रम में पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया कि सोशल मीडिया पर आने वाली सूचना की सत्यता की जांच कैसे की जाए। उन्हें बताया गया कि किसी भी सूचना में तथ्य, राय और अफवाह में अंतर होता है। इस अंतर को पहचान कर ही उसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए। विद्यार्थियों को उदाहरण के माध्यम से यह भी समझाया गया कि सोशल मीडिया में भ्रामक जानकारी कैसे फैलाई जाती है। पढऩे वाले पर उसका असर कैसे पड़ता है। सही और झूठी सूचना को परखने के तरीके भी बताए गए। उसे रोकने के उपाय बताए गए।
वोट देने का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में नवमतदाताओं को बिना किसी दबाव और प्रलोभन के वोट देने का संकल्प दिलाया गया। इसमें विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे स्वयं भी वोट देंगे और परिवार के अन्य सदस्यों को भी वोट देने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में एपीसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय गील ने लोकतंत्र के महत्व और इसमें युवाओं की भागीदारी पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने सोशल मीडिया पर चलने वाली फर्जी खबरों से भी सावचेत रहने का आह्वान किया।