
Pratapgarh Sarpanch Election: प्रतापगढ़ जिले की गंधेर ग्राम पंचायत में अपने गांव का सरपंच उम्मीदवार चुनने के लिए ग्रामीणों ने अनूठी पहल की। यहां ग्राम पंचायत में गंधेर, घासखेड़ा, सैलारपुरा खुर्द और सोडलपुर गांव आते हैं। यहां गंधेर गांव से सरपंच पद के चार उम्मीदवार मैदान में होने से गांव में असमंजस की स्थिति बन गई थी। ऐसे में ग्रामीणों ने आपसी सहमति से गांव का एक ही उम्मीदवार को मैदान में उतारने का फैसला किया।
इसके लिए गुरुवार को गांव के मंदिर परिसर में मतदान केंद्र बनाया गया। खास बात यह रही कि इस मतदान में जन आधार कार्ड और राशन कार्ड के आधार पर वोट डाले गए। ग्रामीणों ने एक घर से एक वोट देने का निर्णय किया। करीब 1200 मतदाताओं वाले गांव में कुल 510 वोट पड़े। इनमें 507 वोट वैध रहे, जबकि तीन वोट खारिज हुए। मतदान के लिए मंदिर परिसर में केंद्र बनाया गया और गांव के ही लोगों को पोलिंग एजेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई। मतदान के बाद हुई मतगणना में बालूलाल मीणा को सर्वाधिक वोट मिले।
सरपंच चुनने के लिए ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हर घर से एक-एक ग्रामीण ने वोट डाला। वोटिंग के दौरान ग्रामीण लाइन में लगे रहे और अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। वोटिंग खत्म होने के तुरंत बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। गांववालों ने ही मतगणना की। बालूलाल मीणा को सर्वाधिक वोट मिले। ऐसे में अब बालूलाल मीणा का सरपंच बनने का रास्ता साफ हो गया है। ग्रामीणों ने माला पहनाकर बालूलाल मीणा का स्वागत किया।
इधर, ग्राम पंचायत करजू में पंचायतीराज चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच मुकेश कुमार मीणा ने अपनी चुनावी मन्नत पूरी की। चुनाव से पहले उन्होंने सांवलिया सेठ के दरबार में मन्नत मांगी थी। करजू से सांवलिया सेठ तक पैदल यात्रा कर दर्शन किए। सरपंच मुकेश कुमार मीणा अपने परिवार, मित्रों और ग्रामीणों के साथ डीजे की धुन पर नाचते-गाते सांवलिया सेठ के दरबार पहुंचे। मंदिर पहुंचकर मुकेश कुमार मीणा और उनके परिवार ने सांवलिया सेठ को चांदी से निर्मित कटहल भेंट किया। खास बात यह रही कि मुकेश कुमार मीणा को चुनाव में कटहल चुनाव चिह्न आवंटित हुआ था। इसी चुनाव चिह्न को चांदी में तैयार करवाकर भगवान के चरणों में अर्पित किया गया।
मुकेश कुमार मीणा के मित्रों और ग्रामीणों की ओर से करीब 21 हजार रुपए की लागत से चांदी का कटहल तैयार करवाया गया था। मन्नत पूरी होने पर परिवार और ग्रामीणों ने सांवलिया सेठ के दरबार में शीश नवाकर खुशहाली की कामना की। इस चुनाव में मुकाबला भी खासा चर्चा में रहा। मुकेश कुमार मीणा ने अपने ही काका एवं निवर्तमान सरपंच बंशीलाल मीणा को भारी मतों से पराजित कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की। जीत के बाद मन्नत पूरी करने के लिए निकाली गई पदयात्रा गांव में चर्चा का विषय बनी रही।