
प्रतापगढ. राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड और वन विभाग की ओर से आयोजित विश्व पर्यावरण समारोह का समापन गुरुवार को हुआ। इस मौके पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्टेट एवं पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विक्रम सांखला ने आव्हान किया कि वे वर्षा ऋतु में अधिकाधिक पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करें।
सी.ओ. स्काउट अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लौहारगली में यह आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि हमें पॉलिथीन के स्थान पर कागज की थैली या कपड़े का थैले का उपयोग करना चाहिए। इसके दुष्परिणाम को देखते हुए हमें पॉलिथीन से निजात पाना ही होगा।
उपवन संरक्षक अमरसिंह गोठवाल ने कहा कि पॉलिथीन को लेकर आज पूरा देश चिन्तित है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस को पॉलिथीन प्रदूषण को परास्त करो की थीम को लेकर मनाया जा रहा है। कहा कि पॉलिथीन कई वर्षो तक नष्ट नहीं होती हैं। यह मिट्टी में भी नहीं मिलती है।बल्कि यह पृथ्वी पर एक परत बना लेती है। पॉलिथीन को जलाकर भी नष्ट नहीं किया जा सकता है। पॉलिथीन खाने से पशु-पक्षियों की मौत हो जाती हैं। इसी पॉलिथीन से हमें निजात पाना ही होगा। उन्होंने स्काउट गाइड से अपील की कि वे जन सामान्य में पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित करें।
उपखंड अधिकारी वारसिंह ने कहा कि आज आम व्यक्ति स्वार्थी हो गया है। लालच में पेड़ों की कटाई बढ़ती जा रही है। उपवन संरक्षक सुबोध सिह ने भी संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर शिवरार्थी बालिकाओं ने वृक्षारोपन के महत्व पर लघु नाटिका नृत्य प्रस्तुत किया। क्विज प्रतियोगिता में अव्वल रहने वालों को पुरुस्कृत किया गया।
संगोष्ठी में स्काउटर गिरवरलाल सुमन ने पर्यावरण पर कविता सुनाकर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। जिला प्रशिक्षण आयुक्त पुरूषोतमलाल मोड़, संस्था प्रधान दिलीप सालवी, अभिरूचि केन्द्र के प्रशिक्षिका प्रति खोईवाल, दिप्ती कुंवर, रंजनी सोनी ने अतिथियों का स्वागत किया।
==========================================
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री ने किया उपस्वास्थ्य केन्द्र एवं कक्षा-कक्षों का लोकार्पण
बमोत्तर विद्यालय परिसर में किया स्वामी स्वतन्त्रतानन्द की मूर्ति का अनावरण
प्रतापगढ़. जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नन्दलाल मीणा ने गुरुवार को अमलावद ग्राम पंचायत के बमोत्तर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में कक्षा-कक्ष एवं बरामदा निर्माण कार्य का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने नव-निर्मित उपस्वास्थ्य केन्द्र का भी उद्घाटन किया।
समारोह में कहा कि जनजाति क्षेत्र के विकास के लिए उपलब्ध राशि का सदुपयोग किया जाएगा। स्वीकृत राशि के खर्चे पर पूर्ण निगरानी रहेगी। उन्होंने आदिवासी क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में आए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने स्वामी स्वतन्त्रातानन्द के बताए आदर्शों पर कार्य करने और समाज सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण की घोषणा भी की। उल्लेखनीय है कि मंत्री नन्दलाल मीणा की प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय में हुई थी। तत्कालीन गुरू रहे स्वामी स्वतन्त्रातानन्द ने उन्हें गुरू शिक्षा दी थी। समारोह में प्रधान कारीबाई, भाजपा जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा, विद्यासागर राठौर, विकास अधिकारी अनिल पहाडिय़ा, प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी मावजी खांट, जनजाति उपजिला शिक्षा अधिकारी भैरूलाल मीणा, प्रधानाचार्य रामनारायण मीणा सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन मिनाक्षी शर्मा ने किया।
---------------------...
निर्माण कार्यों के लिए साढ़े 19 लाख की स्वीकृति
प्रतापगढ़. जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की ओर से जनजाति मंत्री नन्दलाल मीणा के निर्देश पर जिले में 19 लाख 50 हजार रुपए की विभिन्न कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
उदयपुर संभागीय आयुक्त भवानीसिंह देथा ने बताया कि पंचायत समिति प्रतापगढ़ में सामुदायिक भवन विस्तार बमोत्तर दरवाजा के लिए 10 लाख रुपए, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बमोत्तर में मरम्मत, प्लास्टर, टॉयलेट ब्लॉक निर्माण, गेट लगाना, सीढ़ी निर्माण आदि कार्य के लिए 1.5 लाख रुपए व पीपलखूंट पंचायत समिति के अन्तर्गत ग्राम पंचायत रामपुरिया में माना बावजी के स्थान पर ग्राम चितोड़ी में सोलर पनघट के लिए 8 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की हैं।