प्रतापगढ़

दीपिका की हिम्मत के आगे पस्त हुए लुटेरे, मिर्च पाउडर को बनाया हथियार

दिन दहाड़े घर में घुसे तीन नकाबपोशों को महिला ने हिम्मत से सामना कर उल्टे पैर भागने पर मजबूर कर दिया।
less than 1 minute read
pratapgarh police

प्रतापगढ़। जिले के धमोतर कस्बे में शनिवार को दिन दहाड़े घर में घुसे तीन नकाबपोशों को महिला ने हिम्मत से सामना कर उल्टे पैर भागने पर मजबूर कर दिया।

पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 113 पर बने सुशील शर्मा के मकान में लूट के प्रयास की यह वारदात दोपहर करीब दो बजे हुई। तीनों नकाबपोश घुसे तब गृहस्वामी सुशील किसी काम से बाहर थे। उनकी पत्नी दीपिका घर के कामकाज कर रही थी।

लुटेरों ने दीपिका को चाकू दिखाकर मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया लेकिन उसने किचन में से मिर्ची का डिब्बा उतारा और लुटेरों की आंखों पर मिर्च फेंक दी। इससे वे घबराकर भाग गए।

इसके बाद दीपिका ने पति को फोन लगाया और बाहर आकर शोर मचाया। इस पर कई ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने आसपास तलाश की।

सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और नाकेबंदी की। रात तक लुटेरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने सुशील की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। कस्बे में दीपिका की हिम्मत की चर्चा रही।

Published on:
22 Dec 2018 08:59 pm