प्रतापगढ़

टायर चोर गिरोह का पर्दाफाश

पांच आरोपी गिरफ्तार
2 min read
pratapgarh
टायर चोर गिरोह का पर्दाफाश

सालमगढ़. सालमगढ़ पुलिस ने एक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से और भी वारदातें खुलने की संभावना है।
थाना अधिकारी बुद्धाराम विश्नोई ने बताया कि लक्ष्मीनारायण पुत्र रतनलाल चौधरी निवासी दलोट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें 5 अगस्त की रात्रि को घर के बाहर खड़ी बोलेरो के टायर चोरी होने की रिपोर्ट दी थी। रात्रि को बाहर गाड़ी में कुछ आवाज आई, जिससे वह बाहर और देखा तो कुछ युवक टायर खोलकर अन्य गाडी में डाल रहे थे। उसे देखते ही वे लोग गाड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्जकर अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस ने इसके लिए एक टीम का गठन किया। गठित टीम ने मुखबिर लगाए। जिसमें उक्त चोरी में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कालुराम पुत्र शंकर मीणा निवासी उगमणापाडा पीपलखूंट, दिनेश पुत्र लक्ष्मण मीणा निवासी डुगरीपाडा, गौतम पुत्र मोहन मीणा निवासी तलाईया, शान्तिलाल पुत्र दल्ला मीणा निवासी उगमणापाडा, कन्हैयालाल पुत्र वागजी मीणा निवासी तलाइया थाना पीपलखूंट को हिरासत में लिया। पूछताछ में चोरी की वारदात कबूली। आरोपियों ने अन्य चोरियों की वारदातों को भी कबूला है।
::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::


बसेड़ा के बच्चों ने सीखा कथक नृत्य
स्पिक मैके कार्यशाला बसेड़ा तक पहुंची
छोटीसादड़ी. भारत अपनी संस्कति की वजह से पूरे विश्व में जाना जाता है। उसमें भी खासकर हमारी संगीत और नृत्य की विरासत के कारण इसका बड़ा नाम है। मैं बहुत खुशनसीब हूं कि मुझे कथक नृत्य के जयपुर घराने से जुडकऱ देश के देहाती इलाके में कार्य करने का मौक़ा मिला है। स्पिक मैके की इन कार्यशालाओं में विद्यार्थियों से मुखातिब होकर मैं खुद को बहुत उर्जावान अनुभव करती हूं। अपने गुरुओं की तालीम को आगे की पीढ़ी तक ले जाने के लिए की जा रही ये यात्राएं मेरी रूचि का विषय हैं। श्री गंगानगर राजस्थान की होकर अब दिल्ली में रहते हुए इसी विद्या में शोध कार्य करने की इच्छा है। ये विचार प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना शिवालिका कटारिया ने बसेड़ा स्कूल में स्पिक मैके की एक नृत्य कार्यशाला के दौरान व्यक्त किए। इस राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में कथक नृत्य का यह आयोजन शास्त्रीय नृत्यों के नाम पर आगाज ही है। हेरिटेज क्लब ऑफ बसेड़ा के संयुक्त तत्वावधान में हुए आयोजन के बारे में बताते हुए स्पिक मैके के राष्ट्रीय सलाहकार जेपी भटनागर ने बताया कि कलाकारों का स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन प्रधानाचार्य लादूराम शर्मा, हेडटीचर प्रभुदयाल कूड़ी, अध्यापिका स्मृति शर्मा, संडे लाइब्रेरी वोलंटियर अभिलाषा आंजना ने किया। कार्यशाला में गुरु शिवालिका ने गणेश वंदना के बाद सकोली विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर कथक नृत्य से जुड़ी शुरुआती आंगिक मुद्राओं का अभ्यास करवाया। तीन ताल के अभ्यास को तालबद्ध ढंग से करके बच्चे बड़े खुश हुए। ग्रामीण इलाके में इस तरह का सांगीतिक आयोजन अचरज का विषय भी अनुभव हुआ। बाद में नृत्यांगना ने शिव स्तुति और अंत में एक भाव की प्रस्तुति दी जिसे सभी ने सराहा।
प्रस्तुति का संचालन स्पिक मैके के राष्ट्रीय सलाहकार माणिक ने किया। वहीं आयोजन के सूत्रधार हेरिटेज क्लब के वोलंटियर ममता मीणा, पूजा प्रजापत, पुष्कर आंजना, पवन आंजना, कारूलाल आंजना व कुलदीप टांक थे।

Published on:
07 Aug 2018 07:14 pm