
Dhirendra Shastri Pratapgarh Divya Darbar: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार आस्था, उत्साह और सियासी सुर्खियों के बीच जारी है। दरबार के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने जहां श्रद्धालुओं की पर्चियां निकालीं, वहीं अंधविश्वास से दूर रहकर चिकित्सीय इलाज जारी रखने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।
दिव्य दरबार में पर्चियां निकालने के क्रम में धीरेंद्र शास्त्री ने जब 'प्रेत रोगियों' को आगे आने के लिए कहा, तो तीनों पंडालों से बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मंच के करीब पहुंच गए। शास्त्री के हनुमान चालीसा का पाठ शुरू करते ही पंडाल का माहौल अचानक बदल गया। कई लोग जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगे। कुछ महिलाएं जमीन पर लोटने और झूमने लगीं, तो वहीं एक युवक सिर पीटने लगा और दूसरे ने नागिन डांस शुरू कर दिया। कुछ पुरुष दांत पीसते नजर आए, जबकि एक युवक ने अपनी शर्ट फाड़कर सीना पीटना शुरू कर दिया।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने आस्था के साथ विज्ञान और दवा के महत्व को समझाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि केवल भभूत से ही हर चमत्कार संभव होता, तो वे कैंसर का अस्पताल क्यों बनवाते? रामायण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि स्वयं भगवान हनुमान ने भी लक्ष्मण के प्राण बचाने के लिए संजीवनी बूटी का सहारा लिया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि दरबारों के चक्कर में पड़कर अपनी दवा लेना कतई बंद न करें।
इससे पहले कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' ने कहा कि रामकथा में रोजाना कई वीआईपी हेलीकॉप्टर से आ रहे हैं। वे चाहते तो धीरेंद्र शास्त्री को भी प्रयागराज से हेलीकॉप्टर से ला सकते थे, लेकिन उन्होंने जानबूझकर सड़क मार्ग चुना और प्रशासन को भी इसकी सूचना नहीं दी। राजा भैया ने कहा कि वे देखना चाहते थे कि उन्हें रोकने की हिम्मत किसमें है, और रास्ते में कोई सामने नहीं आया। कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी ने भजन गाए, जबकि मंत्री जयवीर सिंह, सांसद रमेश अवस्थी और विधायक पूजा पाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।