कभी एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने वाले योग गुरु बाबा रामदेव और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का दोस्ताना अंदाज नजर आया। प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया के राजभवन में आयोजित बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। इस दौरान बृजभूषण ने बाबा रामदेव का गर्मजोशी से स्वागत किया। पहले उनके पैर छूने के लिए झुके, फिर गले मिले। इसके बाद बृजभूषण ने बाबा रामदेव को कमर से पकड़कर गोद में उठा लिया। ये नजारा देखकर पास में खड़े राजा भैया भी हैरान रह गए। वहां मौजूद संत और पुलिस अधिकारी भी हंसने लगे। इस मुलाकात का वीडियो गुरुवार 19 नवंबर को सामने आया है। घटना 17 नवंबर की बताई जा रही है।