प्रतापगढ़

फोन पर की पत्नी से बात फिर कमरे में जाकर कर ली आत्महत्या, PCS अधिकारी थे आशीष

प्रतापगढ़ में एक समाज कल्याण अधिकारी ने बंद कमरे में सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है कि आशीष का पत्नी से काफी दिनों से विवाद चल रहा था।
2 min read
Feature image

Social Welfare Officer : प्रतापगढ़ में पीसीएस अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने आत्महत्या कर ली। आशीष कुमाप सिंह आजमगढ़ में समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात थे। प्रतापगढ़ में वह अपने गांव में आए हुए थे। बताया जा रहा है कि उनका पत्नी से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि इसी वजह से उन्होंने जान दी है।

प्रतापगढ़ के पूरे केशवराय गांव के रहने वाले 40 साल के जिला समाज कल्याण अधिकारी आशीष कुमार सिंह अपने गांव आए हुए थे। वह गांव में छुट्टी पर आए हुए थे। सुबह वह अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए तैयार थे। इसी दौरान उनकी पत्नी जो कि इस समय मायके में हैं उन्होंने आशीष को फोन किया। इस दौरान वह कमरे के अंदर चले गए। इसके बाद उन्होंने खुद को फांसी लगा ली।

पत्नी से चल रहा था विवाद

जानकारी के मुताबिक आशीष की शादी 10 साल पहले सुल्तानपुर की क्षमता सिंह के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों में 2 साल से काफी विवाद चल रहा था। आशीष का एक बेटा है, जिसका नाम नमन है, आशीष और क्षमता सिंह का 3 साल से झगड़ा काफी बढ़ गया था। इस वजह से दोनों बहुत परेशान रहते थे।

आशीष ने दो साल पहले ही पास की थी परीक्षा

आशीष को पहली नौकरी बेसिक शिक्षा विभाग में खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर मिली थी। करीब 2 साल पहले उन्होंने पीसीएस की परीक्षा पास की थी। इसके बाद समाज कल्याण अधिकारी के रूप में उनकी पहली तैनाती अमरोहा में थी। इसके बाद दूसरी तैनाती आजमगढ़ में थी।

मां पुष्पा सिंह और पिता रामबहादुर के अलावा 5 भाई-बहन हैं। दो बहनों पूर्णिमा और सुजिता की शादी हो गई है। बड़े भाई आनंद भूषण कानपुर में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनका परिवार वहीं रहता है। आशीष दूसरे नंबर पर थे। छोटे भाई रोहित सेक्रेटरी हैं और उनकी तैनाती प्रतापगढ़ में ही है। रोहित ही मां-पिता के साथ गांव में रहते हैं। आशीष छुट्‌टी पर घर आते रहते थे। वह बचपन से पढ़ाई में होनहार थे।

आशीष के पिता रामबहादुर सिंह ने बताया कि वह हाईकोर्ट के काम से यहां आए थे। उनकी मां पुष्पा सिंह बेटे के साथ ही आजमगढ़ में रहती हैं। वह घर से आजमगढ़ जाने के लिए तैयार हो रहे थे तभी उनकी पत्नी क्षमता सिंह का फोन आ गया और उन्होंने कहा कि मैं दो मिनट में चलता हूं। इसके बाद वह बाहर ही नहीं आए।

प्रतापगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एसएचओ नीरज कुमार ने बताया कि यह आत्महत्या पत्नी से विवाद के कारण प्रतीत हो रही है। आशीष की पत्नी पिछले 3 साल से अपने बेटे नमन के साथ मायके में रह रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Published on:
11 Sept 2025 06:47 pm