
प्रतापगढ़. जनपद में युवक की बर्बर पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा लाइन हाजिर किए गए सिपाही द्वारा धमकाए जाने और उक्त युवक को जेल भेजे से आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। परिजनों पुलिस पर युवक राम सिंह वर्मा को गोकशी के मामले में फर्जी तरीके से फंसाकर जेल भेजे जाने का आरोप लगाया। दर्जनों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन विरोधी नारे लगाए और आरोपी सिपाही को बर्खास्त करने एवं बेगुनाह युवक को रिहा करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि लाइन हाजिर किए जाने के बावजूद सिपाही राकेश तिवारी द्वारा इलाके में जाकर लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
विधायक ने गृह सचिव को पत्र लिखकर की सिपाही को बर्खास्त करने की मांग
ग्रामीणों को सदर विधायक संगम लाल गुप्ता का भी साथ मिल गया है। उन्होंने गृह सचिव को पत्र लिखकर सिपाही को बर्खास्त करने की मांग की है। गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस वाले द्वारा युवक की लात-घूसों से बर्बर पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। मामले के तूल पकड़ लेने पर पुलिस अधीक्षक ने उक्त सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया था।
By: Sunil Somvanshi