
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज में बारिश के बाद जलभराव को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इतिहास में नदियों के किनारे शहर और सभ्यताएं विकसित होने की बात पढ़ाई जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश में तस्वीर उलट है। आए दिन सड़कें नदी में बदल रही हैं। अखिलेश ने प्रयागराज की जलनिकासी व्यवस्था पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर की बदइंतजामी अब एक मॉडल बन चुकी है।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में प्रयागराज के जार्ज टाउन को शहर का प्रमुख और सभ्रांत इलाका बताते हुए वहां थाना परिसर के जलमग्न होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि जिस शहर को स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित किया जा रहा है, वहां बारिश के बाद जलनिकासी की ऐसी स्थिति क्यों बन रही है।
सपा अध्यक्ष ने अपने पोस्ट में तंज करते हुए शहर उत्तरी और शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्रों का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि जार्ज टाउन भाजपा के शहर उत्तरी विधायक के क्षेत्र में आता है या जलभराव के साथ बहकर शहर दक्षिणी के भाजपा विधायक के विधानसभा क्षेत्र में चला गया है।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रयागराज में हालात कई जगहों पर ऐसे ही बताए जा रहे हैं, इसलिए विधानसभा क्षेत्र को लेकर यह 'कन्फ्यूजन' है।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में प्रयागराज के विकास कार्यों पर खर्च को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन में शहर के विकास पर एक लाख करोड़ रुपये का 'गोरखधंधा' हुआ है।
अखिलेश यादव ने इससे पहले गीत के जरिए भाजपा पर निशाना साधा था। 16 अगस्त को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो गीत साझा किया था, जिसमें राम मंदिर, धर्म-दान पात्र और कथित तौर पर मंदिर के पैसे के इस्तेमाल को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए गए थे। गीत के जरिए लोगों से ऐसे पैसे को स्वीकार नहीं करने की अपील की थी। गीत में कहा गया था, 'राम जी से घात का पैसा, धर्म-दान पात्र का पैसा, भाजपा के पाप का पैसा नहीं चाहिए'।